सड़क हादसे देखकर अक्सर लोग कानूनी झंझट के डर से रुकने से कतराते हैं लेकिन इंदौर के दो नागरिकों ने इंसानियत को चुना और समय पर घायलों को अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचा ली। अब केंद्र सरकार की राह वीर योजना 2025 के तहत इंदौर में पहली बार दो राहवीरों को पात्र घोषित किया है। दोनों को 25-25 हजार रुपए की प्रोत्साहन राशि और सम्मान-पत्र प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में हाल ही में हुई समिति की बैठक में दो राहवीरों के नाम परिवहन आयुक्त को भेजे गए हैं। जिला स्तरीय अप्रेजल कमेटी ने सभी प्रकरणों की गहन समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया है। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में भी कलेक्टर ने राह वीर मामलों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। समय पर मदद बनी जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर चयनित दोनों मामलों में यह स्पष्ट हुआ कि घायलों को ‘गोल्डन ऑवर’ में अस्पताल पहुंचाने से उनकी जान बच सकी। एआरटीओ अर्चना मिश्रा ने बताया कि योजना के तहत जिले में कलेक्टर की अध्यक्षता में मूल्यांकन समिति गठित है, जिसमें पुलिस आयुक्त/एसएसपी, सीएमएचओ और आरटीओ शामिल हैं। समिति की अनुशंसा के बाद पात्र राह-वीरों का विवरण e-DAR पोर्टल पर अपलोड किया जाता है, जिसके बाद प्रोत्साहन राशि सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर होती है। पहला राहवीर: सूरज विश्वकर्मा, लसूड़िया थाना क्षेत्र 20 जून 2025 को संजय कुरोची सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। न्याय नगर निवासी सूरज पिता हीरालाल विश्वकर्मा ने बिना समय गंवाए घायल को उठाया और तुरंत अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार समय पर इलाज मिलने से संजय की जान बच सकी। दूसरा राहवीर: निलेश गौर, बाणगंगा थाना क्षेत्र 19 जून 2025 को नितेश पिता मधुकर निवासी कमलाकेशर नगर का रिक्शा पलट गया था, जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आईं। रामनगर निवासी निलेश गौर ने तत्काल उन्हें अरबिंदो अस्पताल पहुंचाया। गोल्डन ऑवर में मिली मदद से नितेश की हालत संभल सकी। इस प्रकरण को भी समिति ने पात्र माना। प्रशासन की अपील; ‘डरिए मत, मदद कीजिए’ एआरटीओ राजेश गुप्ता ने कहा कि राह वीर योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि मददगार नागरिकों को सम्मान और पहचान देने की पहल है। उन्होंने नागरिकों से अपील की, “दुर्घटना देखकर पीछे न हटें। गोल्डन ऑवर में मदद करें, जान बचाएं और सम्मान पाएं।” उन्होंने बताया कि एक राह-वीर वर्ष में अधिकतम पांच मामलों में पात्र हो सकता है, जबकि दो लोगों द्वारा मदद किए जाने पर राशि आधी आधी दी जाती है।
राह वीर योजना केंद्र सरकार की मानवीय पहल है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर मदद पहुंचाने वाले आम नागरिकों को प्रोत्साहित और सम्मानित करना है। ऐसे मिलता है लाभ
Source link