विराट कोहली, वो नाम जो दुनिया के हर कोने में फैला हुआ है. भारत का हर क्रिकेट फैन कोहली से मिलने के सपने देखता है. वहीं, युवा गेंदबाज के हाथों को कोहली का विकेट लग जाए तो सोने में सुहागा जैसा होगा. कुछ ऐसा ही सपना देख रहे हैं पंजाब किंग्स के युवा गेंदबाज विशाल निषाद, जो कोहली का शिकार तो करना चाहते हैं लेकिन उनका आशीर्वाद भी लेना चाहते हैं. 20 साल के विशाल निषाद कोहली को अपना आदर्श मानते हैं. निषाद वही हैं जो टेनिस बॉल से खेलकर आज स्टार बन चुके हैं. उन्हें आईपीएल 2026 मिनी ऑक्शन में पंजाब किंग्स ने 30 लाख रुपये में खरीदा था.
क्या बोले निषाद?
निषाद ने कहा, ‘विराट कोहली मेरे आदर्श हैं. अगर मुझे उनका विकेट लेने का मौका मिला, तो मैं उनका पैर छूऊंगा.’
विशाल ने कहा कि विराट कोहली ने ही मुझे क्रिकेट में आने को प्रेरित किया. मुझे उनका एटीट्यूड पसंद है. क्रिकेट शॉट्स में मुझे उनकी ड्राइव पसंद है। वह मेरे फेवरेट हैं. एक स्थानीय क्रिकेट लीग से पंजाब किंग्स तक की विशाल निषाद की यात्रा संघर्ष और सफलता की प्रेरणादायी कहानी है. विशाल के यहां तक के सफर में उनके परिवार की भी अहम भूमिका रही है.
निषाद ने याद किया बीते दिन
बीते समय को याद करते हुए निषाद ने कहा, ‘मुश्किल समय था. मैं अपने पिता के साथ जाता था और उनके काम में सहयोग करता था. मैंने तो यह भी सोचा था कि मैं क्रिकेट छोड़ दूंगा. मेरी मां ने मुझसे कहा कि इसे छोड़ दो और कुछ और सीखो क्योंकि क्रिकेटर बनना बहुत मुश्किल है, लेकिन मैंने हार नहीं मानी. मैंने उनसे कहा, ‘मां, मैं यह जरूर करूंगा।’ जब उन्होंने मेरा इरादा देखा, तो मेरा परिवार मेरे साथ खड़ा हो गया.’
ये भी पढ़ें.. 16 साल से अमर है रैना का ये महारिकॉर्ड, रोहित-कोहली से तो नहीं हो सका, कोई तोड़ पाएगा
कैसे जीरो से हीरो बने विशाल?
उन्होंने बताया, ‘शुरू में, मैं टेनिस-बॉल क्रिकेट खेलता था. एक दोस्त ने मुझे थ्रो करते देखा और लेदर बॉल ट्राई करने का सुझाव दिया क्योंकि उसे मेरा एक्शन पसंद आया. उसके बाद, मैंने गंभीरता से अभ्यास करने का फैसला किया. मेरे कोच ने मुझसे तीन साल तक फीस नहीं ली. आखिरकार, मैंने उत्तर प्रदेश में एक स्थानीय टी20 टूर्नामेंट खेला और अच्छा प्रदर्शन किया. टूर्नामेंट में दो साल खेलने के बाद, मैं यहां (पंजाब किंग्स के साथ) आ गया.’