मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हो गई। यह हादसा बालाघाट रोड पर हुआ। मृतक की पहचान बालाघाट जिले के वारासिवनी थाना क्षेत्र निवासी दलेन्द्र उर्फ करण चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर को नैनपुर से बालाघाट की ओर जा रही बाइक क्रमांक एमपी जेड डी 2763 भीमा नाला के पास अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार को सिर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल बाइक सवार को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नैनपुर पुलिस घटनास्थल पर मौजूद है और पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Source link