मऊगंज जिले में मंगलवार, 3 फरवरी को सकल हिंदू समाज के नेतृत्व में पुलिस थाना के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन विभिन्न मांगों को लेकर सुबह 11 बजे शुरू हुआ, जिसमें सौ से अधिक लोग शामिल हुए और सड़क पर बैठकर अपनी बात रखी। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि जिले में कानून-व्यवस्था से जुड़े कई मामलों में प्रशासन ने अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की है। इसी संबंध में 31 जनवरी को विश्व हिंदू परिषद सहित अन्य हिंदू संगठनों ने कलेक्टर मऊगंज को एक ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में कथित हिंदू प्रताड़ना, गौ तस्करी, अवैध गतिविधियों और अन्य सामाजिक मुद्दों का उल्लेख किया गया था। संगठनों ने विशेष रूप से आरोप लगाया कि लालगंज वार्ड क्रमांक 12 में 29 और 30 जनवरी को एक हिंदू परिवार के साथ मारपीट और लूटपाट की घटना हुई, जिस पर अब तक सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। इसके अतिरिक्त, ज्ञापन में अवैध कब्जों को हटाने, सार्वजनिक स्थानों पर खुले में मांस विक्रय पर रोक लगाने, गौ तस्करी पर नियंत्रण करने और नशे तथा देह व्यापार पर अंकुश लगाने जैसी मांगें भी शामिल थीं। प्रदर्शन के दौरान थाना परिसर के बाहर बैठे लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और जल्द कार्रवाई की मांग की। मौके पर मौजूद एसडीओपी मऊगंज सचि पाठक ने प्रदर्शनकारियों को समझाया और सभी मांगों पर विधि अनुसार उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन ने कहा है कि ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link