सतना पीएमश्री कॉलेज में एबीवीपी का विरोध प्रदर्शन: पोर्टल फीस बढ़ोतरी, सुरक्षा-सुविधा और शिक्षकों की अनियमितता के खिलाफ नारेबाजी – Satna News

सतना पीएमश्री कॉलेज में एबीवीपी का विरोध प्रदर्शन:  पोर्टल फीस बढ़ोतरी, सुरक्षा-सुविधा और शिक्षकों की अनियमितता के खिलाफ नारेबाजी – Satna News




सतना जिले के प्रमुख पीएमश्री महाविद्यालय में विभिन्न छात्र समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। परिषद ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की। एबीवीपी का कहना है कि वे पूर्व में भी कई ज्ञापनों के माध्यम से प्रबंधन को इन मुद्दों से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। छात्रों की मुख्य शिकायत पोर्टल फीस में वृद्धि को लेकर थी। परिषद के अनुसार, महाविद्यालय में पोर्टल फीस 20 रुपए से बढ़ाकर 200 रुपए तक वसूली जा रही है, जिससे छात्रों पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ रहा है। परिसर की सुरक्षा व्यवस्था भी कमजोर बताई गई। कई क्लासरूम जर्जर हालत में हैं, जिनकी मरम्मत या उन्हें बंद करने की मांग की गई। एबीवीपी ने पार्क क्षेत्र में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने, अनुशासन समिति को सक्रिय करने और सभी छात्रों के लिए आईडी कार्ड अनिवार्य करने की भी मांग की। आरोप- कई प्रोफसर नियमित क्लास नहीं ले रहे
परिषद ने आरोप लगाया कि कई प्रोफेसर नियमित कक्षाएं नहीं ले रहे हैं, जिससे पाठ्यक्रम समय पर पूरा नहीं हो रहा। स्वच्छता व्यवस्था भी खराब है; बाथरूम और कक्षाओं की नियमित सफाई नहीं होती, और पेयजल टंकियों में गंदगी पाई जा रही है। एग्रीकल्चर और बीएफएसआई पाठ्यक्रम के छात्रों के लिए न तो प्रयोगशालाएं हैं, न जमीन और न ही स्थायी शिक्षक उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त, सप्लीमेंट्री परीक्षा परिणाम में फाउंडेशन कोर्स संशोधन, खेल सुविधाओं की कमी, क्रिकेट पिच निर्माण और खिलाड़ियों को टीए-डीए न मिलने की शिकायतें भी की गईं। अन्य समस्याओं में कंप्यूटर लैब में अपर्याप्त और खराब कंप्यूटर, अनुपयोगी आरओ व वाटर कूलर, तथा खुले बिजली के तारों से संभावित खतरा शामिल थे। छात्रावास के समुचित उपयोग की मांग भी उठाई गई। एबीवीपी ने चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे व्यापक आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।



Source link