T20 world Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का काउंटडाउन शुरू हो चुका है. सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम इंडिया की तैयारियों में कोई कमी नहीं दिख रही है. डिफेंडिंग चैंपियन इस बार भी खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है. 7 फरवरी को USA के खिलाफ मैच से भारत ‘मिशन टी20 वर्ल्ड कप’ का आगाज करेगा. पहले मैच में टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन कैसी होगी? इसपर करोड़ों फैंस की नजर है. लगभग ढाई साल के बाद टीम में वापसी करते हुए ईशान किशन ने बल्ले से तो धमाका किया, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में उनकी एक कमजोरी सामने आई.
अगर ईशान किशन जल्द से जल्द इस कमजोरी को नहीं सुधारते हैं तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनके खेलने पर ग्रहण लग सकता है. वहीं, खराब फॉर्म से गुजर रहे संजू सैमसन अभी भी प्लेइंग इलेवन के स्कीम से बाहर नहीं हुए हैं. 4 फरवरी को टीम इंडिया साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म अप मुकाबला खेलेगी. इसी मैच में ईशान किशन की परीक्षा होने वाली है.
ईशान किशन दूर करना चाहेंगे ये कमजोरी
न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 इंटरनेशनल मैच में ईशान किशन ने बल्ले से कोहराम मचाते हुए शानदार शतक जड़ा. उन्होंने 43 गेंदों पर 103 रनों की तूफानी पारी खेली. इससे पहले उन्होंने दूसरे T20I मैच में भी 76 रनों की अहम पारी खेली थी. सवाल उनकी बैटिंग पर नहीं, बल्कि विकेट कीपिंग स्किल पर है. आखिरी मैच में जब उन्हें विकेट कीपिंग की जिम्मेदारी दी गई तो वहां वो थोड़े कमजोर दिखे थे.
स्टंपिंग से चूके… बाय में दिए 8 रन
न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी मैच को भारत ने जीत तो लिया, लेकिन ईशान किशन विकेट कीपर के तौर पर फेल हुए. विकेट के पीछे वो बेअसर साबित हुए थे, जिसके चलते हेड कोच गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव की टेंशन बढ़ गई है. ईशान ने एक स्टंपिंग मिस की और साथ में बाय के रूप में 8 एक्स्ट्रा रन भी दिए. टीम इंडिया मैनेजमेंट के सामने ये अजीब सिरदर्दी है. एक तरफ संजू सैमसन बल्ले से फ्लॉप हो रहे हैं, वही दूसरी ओर ईशान किशन की विकेट कीपिंग में खामिया नजर आई है.
वॉर्म अप मैच में गलती सुधारने का मौका
राहत की बात ये है कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सफर को शुरू करने से पहले टीम इंडिया 4 फरवरी को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म अप मैच खेलेगी. इस मैच में गंभीर-सूर्या की पैनी नजर ईशान की बैटिंग पर नहीं बल्कि विकेट कीपिंग पर होगी. वहीं, अगर मौका मिला तो संजू सैमसन भी वॉर्म अप मैच में बल्ले से कुछ जलवा दिखाना चाहेंगे. अगर इस प्रैक्टिस मैच में ईशान किशन की विकेट कीपिंग में सुधार होती है तो फिर उन्हें प्लेइंग इलेवन में जगह मिलनी तय है, लेकिन अगर ये कमजोर कड़ी साबित हुई तो संजू सैमसन की किस्मत चमक सकती है.
ये भी पढ़ें: T20 World Cup: भारत से नहीं खेला तो सुपर-8 में नहीं पहुंच पाएगा पाकिस्तान? नेट रन रेट बिगाड़ देगा पूरा समीकरण