रीवा में रेवांचल एक्सप्रेस की S-1 बोगी में मंगलवार को एक युवक की लाश मिलने से हड़कंप मच गया। शव ट्रेन के टॉयलेट के पास पड़ा मिला। सूचना मिलते ही रीवा जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भिजवाया। पुलिस को मौके से अवनी मेहतो के नाम से एक आधार कार्ड मिला है, जबकि तलाशी के दौरान दो अलग-अलग आधार कार्ड बरामद होने से मामला और संदिग्ध हो गया है। मृतक का मोबाइल फोन गायब बताया जा रहा है, जिससे पुलिस हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी एंगल से भी जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में शव पर किसी प्रकार की बाहरी गंभीर चोट के स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में बीमारी से मौत की आशंका भी जताई जा रही है। हालांकि पुलिस दुर्घटना की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही। ट्रेन में यात्रा के दौरान गिरने, फिसलने या अचानक तबीयत बिगड़ने जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है। रीवा जीआरपी थाना प्रभारी आर.एस. ठक्कर ने बताया कि, “रेवांचल एक्सप्रेस की S-1 बोगी में टॉयलेट के पास एक युवक का शव मिला है। मौके से दो आधार कार्ड मिले हैं, जबकि मोबाइल फोन नहीं मिला है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।”
पुलिस ने संबंधित स्टेशनों और जीआरपी इकाइयों को सूचना भेज दी है। मृतक की पहचान और परिजनों की तलाश की जा रही है। ट्रेन के यात्रियों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि युवक किन परिस्थितियों में यात्रा कर रहा था और घटना से पहले क्या हुआ था।
फिलहाल जीआरपी पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
Source link