सोने-चांदी के दाम बढ़ने के बाद अलर्ट मोड़ में पुलिस, इन मंदिरों की हो चुकी जांच; चप्पे-चप्पे पर नजर

सोने-चांदी के दाम बढ़ने के बाद अलर्ट मोड़ में पुलिस, इन मंदिरों की हो चुकी जांच; चप्पे-चप्पे पर नजर


Last Updated:

सोने और चांदी के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के चलते अब चोरों का रुख मंदिरों की ओर बढ़ता जा रहा है. हाल के दिनों में मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं को देखते हुए उज्जैन पुलिस ने धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है.

इन दिनों लगातार सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों ने सिर्फ बाजार ही नहीं, बल्कि मंदिरों की सुरक्षा व्यवस्था को भी चिंता में डाल दिया है. धार्मिक नगरी उज्जैन मे भी कीमती धातुओं के दाम तेज होते ही पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है. वजह साफ है. यहां के अधिकांश मंदिरों में देवी-देवताओं के सिंहासन, छत्र और आभूषण सोने-चांदी से बने हुए हैं, जिन पर अपराधी नजर गड़ा सकते हैं. इसी खतरे को भांपते हुए उज्जैन पुलिस ने शहर के प्रमुख और बड़े मंदिरों की सुरक्षा मजबूत करने का अभियान शुरू कर दिया है.

मंदिरों में बढ़ा चोरी का खतरा
उज्जैन को यूं ही ‘मंदिरों की नगरी’ नहीं कहा जाता है. यहां देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं और आस्था के साथ दिल खोलकर दान करते हैं. यही कारण है कि कई मंदिरों में भगवान के श्रृंगार में महंगे आभूषण, चांदी के छत्र और स्वर्ण जड़ित सिंहासन शामिल हैं. लेकिन जैसे-जैसे सोने-चांदी के भाव आसमान छू रहे हैं, वैसे-वैसे इन धार्मिक स्थलों पर चोरी का खतरा भी बढ़ गया है.

जानिए पुलिस के क्या दिए निर्देश?
इसी स्थिति को देखते हुए उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा के निर्देश पर महाकाल थाना पुलिस और अन्य थाना क्षेत्रों की टीमों ने मंदिर प्रबंधकों से सीधा संपर्क शुरू कर दिया है. पुलिस प्रशासन मंदिर समितियों को स्पष्ट रूप से समझा रहा है कि वे अपनी सुरक्षा व्यवस्था को आधुनिक और मजबूत बनाएं. इसके तहत मंदिर परिसरों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने, मजबूत दरवाजे और ताले लगाने, प्रशिक्षित चौकीदार रखने और रात के समय मंदिर में नकदी या कीमती धातुएं न रखने की सलाह दी जा रही है. पुलिस ने यह भी निर्देश दिए हैं कि दान पेटियां नियमित रूप से खाली की जाएं और रात्रि में मंदिर में बड़ी मात्रा में धन या आभूषण न छोड़े जाएं. इसके अलावा, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और स्थानीय पुलिस को तुरंत सूचना देने के लिए मंदिर प्रबंधन को सतर्क किया जा रहा है.

पहले भी मंदिर मे हो चुकी चोरी
इस बढ़ी हुई सतर्कता के पीछे हाल ही में हुई एक बड़ी चोरी भी है. 28 जनवरी को उज्जैन के आगर रोड स्थित नजरपुर के प्राचीन माता मंदिर में चोरों ने खिड़की तोड़कर प्रवेश किया और करीब 16 लाख रुपए मूल्य के चांदी के छत्र और आभूषण चोरी कर फरार हो गए थे. इस घटना ने पूरे शहर को हिला दिया और पुलिस प्रशासन को सख्त कदम उठाने पर मजबूर कर दिया. अब पुलिस का लक्ष्य साफ है. मंदिरों की सुरक्षा पुख्ता करना, श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा करना और अपराधियों को कोई मौका न देना. उज्जैन में चल रहा यह सुरक्षा अभियान सिर्फ कानून-व्यवस्था का मामला नहीं, बल्कि धार्मिक धरोहरों की सुरक्षा की बड़ी जिम्मेदारी भी है.

अब तक इन मंदिरों की जांच
एसपी प्रदीप शर्मा के आदेश पर पुलिस ने श्री राधा कृष्ण दुर्गा मंदिर के पुजारी से मीटिंग कर बंद कैमरे चालू करने के दिशा निर्देश दिए. भूखी माता और साकेत धाम मंदिर चेक कर पुजारियों को बंद पड़े कैमरे चालू करने के निर्देश दिए. कांच का जैन मंदिर और सुरजनगर जैन मंदिर पर जैन समुदाय की बैठक लेकर कैमरे लगाने की सलाह दी. मुल्लापुरा श्री राम मंदिर ओर स्वर्गद्वार ईश्वर महादेव मंदिर में जिम्मेदारों को सुरक्षा के इंतजाम करने को कहा गया है.

homemadhya-pradesh

सोने-चांदी के दाम बढ़ने के बाद अलर्ट मोड़ में पुलिस, इन मंदिरों की हुई जांच



Source link