Last Updated:
D-day for washington sunder: वॉशिंगटन सुंदर 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप के लिए समय पर फिट हो पाएंगे या नहीं. इससे पहले आई रिपोर्ट्स में बताया गया था कि टीम मैनेजमेंट सुंदर के लिए इंतजार करने को तैयार है और उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में उपलब्ध हो सकते हैं.
वाशिंगटन सुंदर के वर्ल्ड कप खेलने के फ्यूचर को लेकर 4 फरवरी को होगा फैसला
नई दिल्ली. टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले टीम इंडिया की चिंताएं बढ़ती नजर आ रही हैं. ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर अभी पूरी तरह फिट नहीं हो पाए हैं, और उनकी उपलब्धता को लेकर तस्वीर अब भी साफ नहीं है. ताजा अपडेट के मुताबिक, सुंदर ने भले ही रिकवरी की दिशा में अच्छी प्रगति दिखाई हो, लेकिन प्रभावित हिस्से पर पूरा लोड लेने की स्थिति अभी नहीं बनी है.
सूत्रों के अनुसार, वॉशिंगटन सुंदर ने सोमवार को एक स्पॉट-बॉलिंग सेशन किया, जिसमें उन्होंने 4 ओवर गेंदबाज़ी की. इसके बाद बुधवार को उनका एक और ऐसा ही सेशन होगा. इसी सेशन के बाद यह आकलन किया जाएगा कि उनका शरीर, खासकर चोटिल हिस्सा, गेंदबाज़ी का पूरा दबाव झेल पा रहा है या नहीं और इसके बाद ही उनके रिहैब को लेकर कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा.
सुंदर पर ससपेंस बरकार
ऐसे में यह पूरी तरह स्पष्ट नहीं है कि वॉशिंगटन सुंदर 7 फरवरी से शुरू हो रहे टी20 वर्ल्ड कप के लिए समय पर फिट हो पाएंगे या नहीं. इससे पहले आई रिपोर्ट्स में बताया गया था कि टीम मैनेजमेंट सुंदर के लिए इंतजार करने को तैयार है और उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के दूसरे हाफ में उपलब्ध हो सकते हैं. गौरतलब है कि सुंदर को यह चोट भारत बनाम न्यूजीलैंड वनडे सीरीज के दौरान लगी थी. इसी वजह से वह टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में हिस्सा नहीं ले सके थे. उनकी गैरमौजूदगी में टीम इंडिया ने लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को स्क्वाड में शामिल किया था. अगर वॉशिंगटन सुंदर पूरी तरह फिट नहीं हो पाते हैं, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारत रवि बिश्नोई के साथ ही आगे बढ़ता है। न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए दो मैचों में बिश्नोई ने 3 विकेट लिए थे और बल्लेबाज़ों के लिए मददगार पिचों पर भी अच्छी लाइन-लेंथ और नियंत्रण दिखाया था.
पंत की फिटनेस रिपोर्ट
इस बीच टीम इंडिया के लिए एक राहत भरी खबर भी सामने आई है. विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ऋषभ पंत, जिन्हें न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान इंटरनल ऑब्लिक टियर हो गया था, अब फिटनेस की ओर तेजी से लौट रहे हैं. उनकी जगह टीम में ध्रुव जुरेल को शामिल किया गया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऋषभ पंत का रिहैब शानदार ढंग से चल रहा है और उन्हें किसी तरह की असहजता महसूस नहीं हो रही है. इतना ही नहीं, उम्मीद है कि वह हफ्ते के अंत तक बल्लेबाज़ी और विकेटकीपिंग की शुरुआत भी कर देंगे. टी20 वर्ल्ड कप से पहले ये फिटनेस अपडेट टीम इंडिया के लिए बेहद अहम हैं, क्योंकि टूर्नामेंट जैसे-जैसे करीब आ रहा है, हर खिलाड़ी की उपलब्धता मैच की रणनीति पर सीधा असर डाल सकती है.