T20 World Cup Records: टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से हो जाएगा. रिकॉर्डलिस्ट खोलते ही सभी विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को मिस करेंगे जिन्होंने 2024 में टीम इंडिया को चैंपियन बनाते ही संन्यास का ऐलान किया था. इस बार सिर्फ एक बल्लेबाज है जो एक बड़े रिकॉर्ड में दोनों को पछाड़ने के करीब नजर आ रहा है. विराट और रोहित दोनों ने ही इस टूर्नामेंट में जमकर रनों की बारिश की. कई सालों से टॉप स्कोरर में विराट-रोहित का नाम दिखता है. लेकिन अब टेबल टॉपर बनने के लिए एक इंग्लैंड के विस्फोटक बल्लेबाज ने दस्तक दे दी है.
नंबर-1 पर विराट
हम बात कर रहे हैं टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड की, इसमें टॉप पर विराट कोहली का नाम नजर आता है. विराट कोहली ने 2012 से 2024 तक टी20 वर्ल्ड कप के 35 मुकाबले खेले जिसमें 33 पारियों में 1292 रन ठोक डाले. कोहली के बल्ले से इस दौरान 15 अर्धशतकीय पारियां निकली हैं. इस मामले में रोहित शर्मा दूसरे नंबर पर हैं जबकि महेला जयवर्धने ने तीसरे नंबर पर कब्जा जमाया हुआ है.
जयवर्धने को रोहित ने पछाड़ा
रोहित शर्मा 2007 से लेकर 2024 तक टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मुकाबले खेलने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने विराट कोहली से ज्यादा 47 मुकाबले खेले हैं जिसमें 44 पारियों में हिटमैन ने 1220 रन बनाए हैं. इस दौरान हिटमैन के बल्ले से 12 हाफ सेंचुरी निकली हैं. 2024 में इस लिस्ट में जोस बटलर की एंट्री हुई थी. वह टी20 वर्ल्ड कप में 1000+ रन बनाने वाले चौथे बल्लेबाज बने थे. उन्होंने अभी तक 35 मैच की 34 पारियों में 1013 रन बनाए हैं.
ये भी पढ़ें… T20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले श्रीलंका का बड़ा बदलाव, दिग्गज खिलाड़ी को बाहर का रास्ता
नंबर-1 पर कर सकते हैं कब्जा
जोस बटलर की पहचान एक विस्फोटक बल्लेबाज के तौर पर है. ऐसे में बटलर के लिए इस टूर्नामेंट में 200+ रन बनाना कोई बड़ी बात नहीं होगी. बटलर टी20 वर्ल्ड कप में एक शतक भी लगा चुके हैं. क्रिस गेल टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा 2 शतक लगाने वाले बल्लेबाज हैं. इस बार देखना होगा कि बटलर अपनी बल्लेबाजी से नंबर-1 पर कब्जा करने में कामयाब हो पाते हैं या नहीं.