WPL 2026: विमेंस प्रीमियर लीग 2026 के एलिमिनेटर मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने गुजरात जाएंट्स को 7 विकेट से रौंदकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ फाइनल में अपनी बुकिंग फिक्स कर ली है. मंगलवार को को वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में जाएंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 168 रन बनाए थे. जेमिमा रोड्रिग्स की टीम ने सिर्फ 15.4 ओवरों में ही 3 विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया. बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स इकलौती ऐसी टीम है, जिन्होंने WPL के अब तक के सभी 4 सीजन ने फाइनल में जगह बनाई है. हालांकि, ट्रॉफी जीतने का ख्वाब अभी भी अधूरा है.
WPL 2026 का फाइनल मैच दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा. स्मृति मंधाना और जेमिमा रोड्रिग्स के बीच ये जंग गुरुवार, 5 फरवरी को इसी मैदान पर होगी. RCB भले ही इस सीजन में सबसे मजबूत टीम साबित हुई है, लेकिन विजय रथ पर सवार दिल्ली कैपिटल्स को हराना आसान नहीं होगा.
RCB के खिलाफ दहाड़ेंगी दिल्ली की 3 शेरनियां
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ होने वाले फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिलाने की जिम्मेदारी 3 बल्लेबाजों पर रहेगी. जी हां, गुजरात जाएंट्स के खिलाफ एलिमिनेटर में सलामी जोड़ी लिजेल ली और शेफाली वर्मा ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए दिल्ली को शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों ने 7 ओवर में 89 रन जोड़ दिए और यहां से दिल्ली का आगे का सफर आसान हो गया. वहीं, कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने भी अहम मुकाबले में 23 गेंदों पर 43 रनों की पारी खेली और दिल्ली को फाइनल में पहुंचाकर ही दम लिया.
5 फरवरी को, RCB के खिलाफ फाइनल में भी इन्हीं 3 खिलाड़ियों पर दिल्ली कैपिटल्स को जीत दिलाने की बड़ी जिम्मेदारी होगी. फाइनल में जेमिमा की टीम पर दबाव भी रहेगा, क्योंकि उन्होंने अब तक 3 बार फाइनल का सफर तय किया है, लेकिन खिताब जीतने में असफल रही है. वहीं, स्मृति मंधाना की RCB ने 2024 में दिल्ली कैपिटल्स को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था. दिल्ली दो साल बाद हिसाब बराबर करने को बेताब होगी.
WPL के विजेताओं की लिस्ट
WPL 2023- मुंबई इंडियंस, फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराया
WPL 2024- रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराया
WPL 2025- मुंबई इंडियंस। फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को हराया
ये भी पढ़ें: नंदनी शर्मा ने बदला WPL का इतिहास, 2 विकेट लेते ही कर दिया करिश्मा! अब तक किसी ने नहीं किया था ये कारनामा