अनूपपुर जिले में पिछले 44 दिनों से डेरा डाले तीन हाथियों का समूह अब किसानों और वन विभाग दोनों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। इनमें से एक दांत वाला नर हाथी पिछले चार दिनों से अमगवां ग्राम पंचायत के डोंगरीटोला में फसल को नुकसान पहुंचा रहा है। यह हाथी अनूपपुर वन परिक्षेत्र के सोनमौहरी बीट के जंगल से निकलकर ग्राम पंचायत अमगवां के वार्ड क्रमांक 10 डोंगरीटोला निवासी किसान गणेश सिंह आर्मो के खेत में घुस गया है। यहां चार एकड़ से अधिक के खेत में लगी गेहूं, अरहर, मटर और चना जैसी फसलों को खा रहा है और अपने भारी कदमों से कुचल भी रहा है, जिससे किसान को आर्थिक नुकसान हो रहा है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हाथी को भगाने के लिए पटाखे, आग और शोर का उपयोग किया जाता है। हाथी कुछ समय के लिए बांस या अन्य झाड़ियों की आड़ में चला जाता है, लेकिन फिर से खेत में वापस आ जाता है। यह स्थिति पिछले चार दिनों से बनी हुई है, और ग्रामीण भी इसे इलाके से बाहर निकालने में सफल नहीं हो पा रहे हैं। इसी बीच, समूह से अलग हुए दो अन्य हाथी जैतहरी वन परिक्षेत्र की वन बीट धनगवां के कुसुमहाई और चोई के बीच स्थित जंगल में विचरण कर रहे हैं। यह समूह पिछले तीन दिनों से जंगल से बाहर नहीं निकला है। उल्लेखनीय है कि ये तीनों हाथी छत्तीसगढ़ राज्य की वन सीमा पार कर अनूपपुर वनमंडल में जैतहरी की सीमा से प्रवेश किए थे। उन्होंने धनगवां के जंगल में लगातार 33 दिन बिताए थे, जिसके बाद वे अनूपपुर वन परिक्षेत्र की ओर चले गए थे। अब इनमें दो हाथी फिर से उसी धनगवां बीट में लौट आए हैं।
Source link