ग्वालियर के मुरार सदर बाजार में आर्टिफिशियल ज्वेलरी का बिजनेस करने वाले ने फेसबुक फ्रेंड के कहने पर गोल्ड ट्रेडिंग पर इन्वेस्टमेंट कर दिया। व्यापारी ने 10 से ज्यादा बार ट्रांजेक्शन किए और 9 लाख रुपए गोल्ड ट्रेडिंग पर लगा दिए। अकाउंट में उसके 30 लाख रुपए शो हो रहे थे। जब रुपए निकालना चाहा तो बताया गया कि उसे टैक्स के 8 लाख रुपए और भरने होंगे। जब व्यापारी ने रुपए न होने की बात कही तो ठग ने उनसे कहा कि वह अपना मोबाइल उनको कोरियर कर दे। वह उसके मोबाइल से प्रोसेस कर उसे पैसा दिला देंगे। व्यापारी ने मोबाइल भी कोरियर कर दिया। अब न मोबाइल वापस मिला है न ही 9 लाख रुपए। घटना 20 अक्टूबर से अभी तक के बीच की है। मुरार थाना पुलिस ने इस मामले में अब मामला दर्ज किया है।
भिंड में कोतवाली स्थित पचासा लाइन गली नंबर-03 निवासी किरन पुत्र कपूर चंद्र जैन व्यापारी हैं। वर्तमान में वह ग्वालियर के उपनगर मुरार गली नंबर-05 तिकोनिया में रहते हैं। उनकी सदर बाजार में वीर कंगन पैलेस के नाम से आर्टिफिशियल ज्वेलरी की शॉप है। 20 अक्टूबर 2025 को फेसबुक के माध्यम से अम्बीरामी (सत्यजीत) नामक आईडी से व्यापारी के पास मैसेज आया। फेसबुक पर दोनों की बातचीत हुई। फेसबुक फ्रेंड, व्यापारी से बोला कि मेरी “जीबीसी गोल्ड’ नाम से एक कम्पनी है जिस पर आप गोल्ड में इन्वेस्ट कर सकते हो एवं ट्रेडिंग कर सकते हो जिसके लिए आपको रिटर्न भी मिलेगा।
मोबाइल नंबर लिया और वाटसएप पर की बात
इसके बाद फेसबुक फ्रेंड ने उन्हें अपना मोबाइल नंबर 7482888451 दिया और इसके बाद उनकी वाटसएप पर बातचीत होने लगी। ठग ने उसे भरोसा दिलाया तो वह ट्रेडिंग के लिए तैयार हो गया। उसके बताए अनुसार उन्होंने पचास हजार रुपए से ट्रेडिंग करना शुरू कर दिया, जिसमें उन्हें मोटा मुनाफा दिखाई दिया। इसके बाद वह इंवेस्ट करते गए और 10 से ज्यादा बार में अम्बीरामी के बताए अकाउंट में 9 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए।
30 लाख रुपए हो गया प्रॉफिट, निकाले तो मांगे आठ लाख
दिसंबर माह में उसे उसके खाते में तीस लाख का प्रॉफिट दिखने लगा तो पैसे निकालने का प्रयास किया, लेकिन पैसे नहीं निकले तो उसने अपने फेसबुक फ्रेंड से बात की, तो उसने बताया कि पैसे निकालने के लिए उसे करीब आठ लाख रुपए टैक्स देना होगा। जब उसने रुपए होने से इंकार किया तो फेसबुक फ्रेंड ने उससे उसका मोबाइल कोरियर से मंगाया, जिससे वह रुपए उसके खाते में ट्रांसफर कर सके। लेकिन इसके बाद न तो रुपए वापस आए और न ही पैसे मिले। ठगी का अहसास होते ही उसने इसकी शिकायत की।
पुलिस का कहना
इस मामले में मुरार थाना पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया है। पता लगाया जा रहा है कि जिन बैंक अकाउंट में पैसा ट्रांसफर किया गया है वह किसके नाम पर है। जल्द पुलिस आरोपियों को पकड़ने रवाना की जाएगी।
Source link