ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित जनकताल में एक युवक की डूबने से मौत हो गई। उसका शव मंगलवार शाम को बरामद किया है। पुलिस ने एसडीआरएफ की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक की पहचान बरा निवासी 40 वर्षीय इमरान खान पिता अब्दुल रहमान खान के रूप में हुई है। इमरान निजी नौकरी करता था और किसी काम से जनकताल आया था। बताया जा रहा है कि तालाब किनारे चलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे डूबते देख शोर मचाया और तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ (स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स) की टीम को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद युवक का शव गहरे पानी से बाहर निकाला जा सका। शव की शिनाख्त इमरान खान के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह हादसा पैर फिसलने के कारण हुआ है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय निवासियों ने बताया कि जनकताल एक ऐतिहासिक तालाब है, लेकिन इसके आसपास सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। उनका कहना है कि सुरक्षा उपायों की कमी के कारण पहले भी कई बार जानवर गिरकर दम तोड़ चुके हैं और बड़े हादसे भी हुए हैं। उन्होंने प्रशासन से तालाब की सुरक्षा पर ध्यान देने की मांग की है।
Source link