सागर के नरयावली थाना क्षेत्र के ग्राम कांचरी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने चुरा ले गए। खेत पर मोटर चलाने गया था परिवार पीड़ित जयनारायण उदेनिया ने पुलिस को बताया कि वह खेती-किसानी करता है। शनिवार रात करीब 8 बजे वह अपने रहवासी मकान में ताला लगाकर खेत पर पानी की मोटर चलाने गया था। मोटर चालू करने के बाद जयनारायण देर रात घर वापस लौटा। घर पहुंचने पर उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है, जिससे उसे अनहोनी की आशंका हुई। घर के अंदर जाकर देखा तो कमरे में रखी अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। अलमारी का लॉक खुला मिला और सारा सामान बिखरा हुआ था। कई कीमती गहने ले उड़े चोर अलमारी में रखी चांदी की करधौनी, एक सोने की चैन, कान की बालियां, दो जोड़ी पायल, दो मंगलसूत्र (गुरिया वाले) और दो सोने की चूड़ियां गायब थीं। चोरी की जानकारी मिलते ही जयनारायण ने अपने परिवार के सदस्यों को घटना के बारे में बताया और इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस सूचना मिलते ही नरयावली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और चोरी गए गहनों की जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों की तलाश जारी पुलिस का कहना है कि आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Source link