Last Updated:
Butterfly Park: यह पार्क न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि लोगों को जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक कर रहा है. यही वजह है कि अब खंडवा का यह तितली पार्क देशभर में अपनी अलग पहचान बना रहा है. आइए जान लेते हैं इसके बारे में ज्यादा जानकारी…
Butterfly Park: प्रकृति की गोद में हर जीव की अपनी एक अलग दुनिया होती है और उसी दुनिया का सबसे खूबसूरत रंग हैं तितलियां. जब भी कोई तितली फूलों पर मंडराती है, तो मन अपने आप खुश हो जाता है. इन्हीं रंग-बिरंगी तितलियों को करीब से देखने और उनकी दुनिया को समझने के लिए खंडवा में एक अनोखी पहल की गई है, जहां देश ही नहीं बल्कि विदेशों की दुर्लभ तितलियां भी देखने को मिल रही हैं. खंडवा जिले के चारखेड़ा गांव में इंदिरा सागर जलाशय के बैकवॉटर के पास बनाया गया यह तितली पार्क (बटरफ्लाई गार्डन) आज प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों के लिए खास आकर्षण बन चुका है. करीब 10 हेक्टेयर क्षेत्र में फैले इस इको-टूरिज्म पार्क में 150 से ज्यादा रंग-बिरंगी और विदेशी प्रजातियों की तितलियां प्राकृतिक माहौल में उड़ती नजर आती हैं. चारों तरफ जंगल, पानी और हरियाली इस पार्क को और भी खूबसूरत बना देती है.
कितने प्रकार की तितलियां आती हैं?
यहां आने वाले सैलानी बताते हैं कि कई ऐसी तितलियां हैं, जिन्हें उन्होंने पहले सिर्फ किताबों या टीवी पर देखा था. सर्दियों का मौसम, यानी नवंबर से मार्च के बीच यहां घूमने का सबसे बेहतर समय माना जाता है, जब फूलों की भरमार और अनुकूल वातावरण के कारण तितलियों की संख्या और ज्यादा नजर आती है. प्रकृति प्रेमी कमलेश पटेल बताते हैं कि वे हर महीने दो से तीन बार इस तितली पार्क में आते हैं. उनके मुताबिक यहां कुछ ऐसी विदेशी प्रजातियां हैं, जो आमतौर पर भारत में देखने को नहीं मिलतीं. इनमें दक्षिण अमेरिका की ब्लू मॉर्फो तितली, ब्राज़ील की रेड पोस्टमैन, मलेशिया की गोल्डन बर्डविंग, दक्षिण-पूर्व एशिया की पेपरड मॉर्मन और मध्य अमेरिका की ग्लासविंग बटरफ्लाई शामिल हैं. पारदर्शी पंखों वाली ग्लासविंग तितली तो लोगों के लिए सबसे ज्यादा आकर्षण का केंद्र रहती है.
वन विभाग की अनूठी पहल
चारखेड़ा तितली पार्क वन विभाग की एक अनूठी पहल है. यहां जंगल के बीच हट्स और टेंट सिटी बनाई गई है, जहां सैलानी प्रकृति के बेहद करीब रहकर समय बिता सकते हैं. इसके साथ ही नर्मदा बैकवॉटर में बोटिंग और टापुओं से सूर्यास्त देखने का अनुभव भी लोगों को खूब पसंद आ रहा है. प्रकृति प्रेमियों का कहना है कि यह पार्क न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है, बल्कि लोगों को जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूक कर रहा है. यही वजह है कि अब खंडवा का यह तितली पार्क देशभर में अपनी अलग पहचान बना रहा है. चारखेड़ा पार्क की सबसे खास बात है नर्मदा के बैकवॉटर में बोटिंग की सुविधा. यहां से आप बोटिंग करते हुए पास के टापुओं तक जा सकते हैं और वहां से खंडवा के प्राकृतिक सौंदर्य का मनमोहक दृश्य देख सकते हैं. टापू पर बैठकर चाय पीना और सूर्यास्त देखना बस, जैसे कोई फ़िल्मी सीन है.
About the Author
Deepti Sharma, currently working with News18MPCG (Digital), has been creating, curating and publishing impactful stories in Digital Journalism for more than 6 years. Before Joining News18 she has worked with Re…और पढ़ें