Khargone Famous Food: खरगोन जिले के मंडलेश्वर में कोर्ट गेट के पास संचालित विनायक होटल एंड रेस्टोरेंट इन दिनों खासा चर्चा में है. अन्य दुकानों की तरह यहां भी पोहा, जलेबी, चाय, कचौरी और समोसा मिलते हैं लेकिन इस होटल की असली पहचान यहां की कढ़ी-कचौड़ी है, जिसे देखते ही मुंह में पानी आ जाता है. कुछ ही वर्षों में यह डिश इतनी फेमस हो गई कि इंदौर तक से लोग सिर्फ कढ़ी-कचौड़ी खाने यहां पहुंचते हैं. होटल संचालक धर्मेंद्र सिंह पटेल लोकल 18 को बताते हैं कि उन्हें होटल चलाते हुए चार साल से अधिक का समय हो चुका है. आमतौर पर कचौड़ी को सेव या छोले के साथ परोसा जाता है. उन्होंने एक नए प्रयोग के तौर पर कचौड़ी को कढ़ी और चटनी के साथ परोसना शुरू किया था. महज 20 रुपये में ग्राहकों को कचौड़ी, स्वादिष्ट कढ़ी और खास लाल और हरी चटनी के साथ नाश्ता परोसा जाता है.