नई दिल्ली. भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए टी20 वर्ल्ड कप वॉर्मअप मैच में रनों की बारिश देखने को मिली. दोनों टीमों की ओर से मिलाकर कुल 450 रन बने. इस मुकाबले में भारत की ओर से ईशान किशन ने 20 गेंदों पर अपना अर्धशतक जड़ा वहीं तिलक वर्मा ने 19 गेंदों पर 45 रन बनाए. कप्तान सूर्यकुमार यादव 16 गेंदों पर 30 रन बनाकर आउट हुए जबकि अक्षर पटेल ने 23 गेंदों पर नाबाद 35 रन बनाए वहीं आखिर में हार्दिक पंड्या ने 10 गेंदों पर 30 रन बना डाले. भारत के 240 रन के जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 210 रन बना सकी.
ईशान किशन की अगुआई में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से भारत ने आईसीसी टी20 विश्व कप के अभ्यास मैच में दक्षिण अफ्रीका को 30 रन से हरा दिया. भारत के 241 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दक्षिण अफ्रीका की टीम ट्रिस्टन स्टब्स (नाबाद 45), रियान रिकेल्टन (44), एडेन मारक्रम (38), जेसन स्मिथ (35) और मार्को यानसेन (31) की पारियों के बावजूद सात विकेट पर 210 रन ही बना सकी. भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने 32 रन देकर दो विकेट चटकाए.
भारत ने अपने वॉर्मअप मैच में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराया.
ईशान किशन ने इससे पहले 20 गेंद में सात छक्कों और दो चौकों से 53 रन की पारी खेलने के अलावा अभिषेक शर्मा (24) के साथ पहले विकेट के लिए 80 रन की साझेदारी की जिससे भारत ने पांच विकेट पर 240 रन बनाए. चोट के बाद वापसी कर रहे तिलक वर्मा ने भी 19 गेंद में तीन छक्कों और इतने ही चौकों से 45 रन की पारी खेली. अक्षर पटेल (नाबाद 35), कप्तान सूर्यकुमार यादव (30) और हार्दिक पंड्या (30) ने भी उपयोगी योगदान दिया.
उम्मीद है कि ईशान किशन सात फरवरी को वानखेड़े स्टेडियम में अमेरिका के खिलाफ भारत के पहले टी20 विश्व कप मैच में अभिषेक के साथ पारी का आगाज करेंगे. लक्ष्य का पीछा करने उतरे दक्षिण अफ्रीका ने पहले ओवर में ही जॉर्ज लिंडे (00) का विकेट गंवा दिया जिन्होंने अर्शदीप सिंह की गेंद पर पंड्या को कैच थमाया. मारक्रम ने पंड्या पर लगातार तीन छक्कों के साथ तेवर दिखाए और फिर अर्शदीप पर भी छक्का जड़ा.
रिकेल्टन ने भी हर्षित राणा की लगातार गेंदों पर चौका और छक्का मारा. मारक्रम 19 गेंद में चार छक्कों और दो चौकों से 38 रन बनाकर रिटायर आउट हो गए. रिकेल्टन ने कुलदीप यादव का स्वागत लगातार दो छक्कों के साथ किया लेकिन डेवाल्ड ब्रेविस सिर्फ दो रन बनाकर शिवम दुबे की गेंद पर वर्मा को कैच दे बैठे. वरुण चक्रवर्ती ने अपनी पहली ही गेंद पर रिकेल्टन को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया जबकि अक्षर ने डेविड मिलर (13) की पारी का अंत करके दक्षिण अफ्रीका का स्कोर पांच विकेट पर 100 रन किया.
जेसन स्मिथ ने कुलदीप पर छक्का मारा. उन्होंने अभिषेक पर लगातार दो चौके जड़े लेकिन अगली गेंद पर कुलदीप को कैच दे बैठे. दक्षिण अफ्रीका को अंतिम पांच ओवर में 99 रन की दरकार थी. मार्को यानसेन ने दुबे पर दो चौके और दो छक्के से 16वें ओवर में 22 रन जुटाए लेकिन अभिषेक ने उन्हें बोल्ड कर दिया.
सूर्यकुमार यादव
इससे पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद ईशान किशन और अभिषेक ने टीम को तूफानी शुरुआत दिलाई. ईशान किशन ने लुंगी एनगिडी के पहले ओवर में दो छक्के मारे जबकि कागिसो रबादा की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया. अभिषेक ने कोर्बिन बॉश पर लगातार तीन चौके मारे. ईशान किशन ने पांचवें ओवर में एनरिच नोर्किया की लगातार गेंदों पर तीन छक्के और एक चौके से 29 रन जोड़े.
ईशान किशन ने क्वेना मफाका पर छक्के के साथ सिर्फ 20 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और फिर रिटायर्ड आउट हो गए. उन्होंने अपनी पारी में सात छक्के और दो चौके लगाए. भारत ने पावर प्ले में एक विकेट पर 83 रन बनाए. अभिषेक भी 24 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए. चोट के बाद वापसी कर रहे वर्मा शानदार लय में दिखे। उन्होंने स्पिनर जॉर्ज लिंडे पर छक्के और चौके से शुरुआत की और फिर नोर्किया पर भी लगातार दो चौके मारे.
भारत ने 10 ओवर में दो विकेट पर 135 रन बनाए. मार्को यानसेन ने तिलक को बोल्ड किया। उन्होंने 19 गेंद का सामना करते हुए तीन छक्के और तीन चौके मारे. सूर्यकुमार भी 16 गेंद में दो छक्कों और दो चौकों से 30 रन बनाने के बाद मफाका की गेंद पर लिंडे को कैच दे बैठे. उप कप्तान अक्षर पटेल ने भी 23 गेंद की अपनी पारी में कुछ आकर्षक शॉट लगाए जबकि पंड्या ने कोर्बिन बॉश का शिकार बनने से पहले 10 गेंद की अपनी पारी में तीन छक्के और दो चौके मारे. बॉश की गेंद रिंकू सिंह के हेलमेट में लगी. उन्होंने 16 रन बनाए.