राजगढ़ जिला पंचायत CEO का निरीक्षण, सख्ती-संवेदनशीलता दोनों दिखी: गैरहाजिर कर्मचारियों का वेतन कटा, स्कूली बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन खाया – rajgarh (MP) News

राजगढ़ जिला पंचायत CEO का निरीक्षण, सख्ती-संवेदनशीलता दोनों दिखी:  गैरहाजिर कर्मचारियों का वेतन कटा, स्कूली बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन खाया – rajgarh (MP) News




राजगढ़ जिला पंचायत राजगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. इच्छित गढ़पाले ने बुधवार को जनपद पंचायत खिलचीपुर और जीरापुर क्षेत्र में विभिन्न शासकीय संस्थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जहां लापरवाही सामने आई, वहां सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए, वहीं बेहतर व्यवस्थाओं पर प्रशंसा भी की गई। सीईओ ने सबसे पहले जनपद पंचायत खिलचीपुर कार्यालय का निरीक्षण किया। उपस्थिति पंजी की जांच में केवल 6 अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित पाए गए, जबकि शेष अनुपस्थित रहे। इस पर डॉ. गढ़पाले ने अनुपस्थित कर्मचारियों के आधे दिवस का वेतन काटने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने शासकीय प्राथमिक विद्यालय कुवरजी की बडली, जैतपुराकलां का निरीक्षण किया। यहां एक शिक्षक समय पर उपस्थित मिला, जबकि दूसरा शिक्षक देरी से पहुंचा। विद्यालय से जुड़ी आंगनवाड़ी की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर महिला एवं बाल विकास विभाग को आंगनवाड़ी सुधारने के निर्देश दिए गए। गोघटपुर पंचायत में साफ-सफाई देख तारीफ की
जनपद पंचायत जीरापुर की ग्राम पंचायत गोघटपुर में शमशान घाट का निरीक्षण किया गया। यहां पेवर ब्लॉक, बैठने की व्यवस्था और समग्र साफ-सफाई को देखकर सीईओ ने पंचायत की प्रशंसा की। इसके बाद आंगनवाड़ी केंद्र में आशा कार्यकर्ता से जानकारी ली गई, जिसमें 102 गर्भवती महिलाएं पंजीकृत पाई गईं। अधिकांश महिलाओं को प्रसव के लिए माचलपुर, जीरापुर या राजस्थान जाना पड़ता है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को तीन दिन में पर्याप्त स्वास्थ्य व्यवस्था सुनिश्चित करने और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया
निरीक्षण के दौरान गोघटपुर विद्यालय में लक्ष्मीबाई स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित मध्यान्ह भोजन की भी जांच की गई। दिन के मेन्यू अनुसार खीर, पूरी और सब्जी पाई गई। डॉ. गढ़पाले ने बच्चों के साथ बैठकर मध्यान्ह भोजन किया। गोघटपुर हाईस्कूल में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों से पढ़ाई को लेकर चर्चा की और परीक्षा में सफलता के लिए पढ़ाई की तकनीक और सुझाव दिए। अंत में मठ-मंदिर गोघटपुर के पास जल संरचना के तहत स्टॉपडेम और गेबियन संरचना निर्माण के लिए सहायक यंत्री को आवश्यक निर्देश दिए।



Source link