रायसेन में हथियारबंद लुटेरों का आधी रात धावा: परिवार को बंधक बनाकर 1.7 लाख के जेवर-नकद लूटे; मारपीट कर भाग गए – Raisen News

रायसेन में हथियारबंद लुटेरों का आधी रात धावा:  परिवार को बंधक बनाकर 1.7 लाख के जेवर-नकद लूटे; मारपीट कर भाग गए – Raisen News




रायसेन जिले के सलामतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ा में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच एक लूट की वारदात हुई। हथियारों से लैस 4 से 5 अज्ञात बदमाशों ने खेत पर बने मकान में रह रहे एक परिवार को बंधक बना लिया और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लूट ली। लूट के दौरान परिवार के सदस्यों, जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं, उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बांसखेड़ा निवासी अभिषेक विश्वकर्मा ने बताया कि देर रात आहट सुनकर उनके पिता नर्मदा प्रसाद विश्वकर्मा ने उन्हें बाहर देखने भेजा था। बाहर दो बदमाश खड़े मिले, जिन्होंने अभिषेक पर हमला करने का प्रयास किया। अभिषेक किसी तरह घर में घुसकर दरवाजा बंद कर पाए, लेकिन बदमाशों ने पत्थर मारकर गेट तोड़ दिया और घर में घुस गए। घर में घुसते ही उन्होंने मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की, पेटी तोड़कर नकदी-ज्वेलरी लूटी
बीच-बचाव करने आईं अभिषेक की मां, चाचा और चाची को भी डंडों से पीटा गया। चाची का मंगलसूत्र और अन्य सामान छीन लिया गया। अभिषेक के पिता को एक कमरे में बाहर से बंद कर दिया गया था। बदमाशों ने हथियारों की नोक पर घर में रखी पलंग पेटी तोड़कर करीब 45 हजार रुपए नकद और लगभग 1.25 लाख रुपए का सोना-चांदी लूट लिया। पड़ोसी के टॉर्च लेकर पहुंचने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। परिवार में एक सप्ताह पहले फलदान हुआ था
घटना की सूचना मिलते ही सलामतपुर थाना पुलिस सहित उमरावगंज, सांची और सैंडोरा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। बाद में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार में एक सप्ताह पहले ही शादी का टीका-फलदान हुआ था, जिसके लिए घर में कीमती सामान रखा गया था। बदमाशों ने इसी को निशाना बनाया।



Source link