सागर| शहर की बिगड़ती कानून-व्यवस्था में कसावट लाने के लिए पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ शुरू कर दी है। शुरुआत मोतीनगर थाने से हुई है। चाकू से सरेराह लोगों को डरा-धमकाकर दहशत फैलाने वाले शातिर बदमाश को पुलिस ने बटनदार चाकू के साथ पकड़ा है। कोतवाली पुलिस ने पुरव्याऊ, भरका, बरियाघाट के संवेदनशील इलाकों में दबिश दी तो मोतीनगर पुलिस ने काकागंज, पंतनगर, करीला इलाके में गश्त बढ़ाई है। मोतीनगर पुलिस ने अवैध शराब बेचने वालों पर भी शिकंजा कसते हुए तस्करों को पकड़ा है। मोतीनगर थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि अवैध हथियार, अवैध शराब विक्रय एवं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ विशेष मुहिम चलाई जा रही है। मुखबिर की सूचना पर धरमपुरा, अंबेडकर वार्ड क्षेत्र में एक व्यक्ति हाथ में धारदार चाकू लेकर राहगीरों को डरा-धमकाता मिला। पुलिस को देखकर बदमाश भाग निकला। पुलिस टीम गठित कर मुखबिर के बताए स्थान पर दबिश दी गई। घेराबंदी कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम हेमंत अहिरवार, उम्र 24 वर्ष, निवासी विवेकानंद वार्ड बताया। आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू मिला।
Source link