2 स्पिनर 3 तेज गेंदबाज…IND vs USA मैच के लिए पार्थिव पटेल ने चुनी Playing XI, किसे बनाया अभिषेक शर्मा का जोड़ीदार?

2 स्पिनर 3 तेज गेंदबाज…IND vs USA मैच के लिए पार्थिव पटेल ने चुनी Playing XI, किसे बनाया अभिषेक शर्मा का जोड़ीदार?


IND vs USA First Match Team India Playing XI: 7 फरवरी से टी20 विश्व कप 2026 का आगाज होने वाला है, इसमें सिर्फ 3 दिन बचे हैं. सभी को टीम इंडिया के पहले मैच का इंतजार है, जो 7 फरवरी को अमेरिका टीम के खिलाफ होना है. इस मैच में भारत किन 11 खिलाड़ियों के साथ उतरेगा, ये सवाल बना हुआ है. ईशान किशन और संजू सैमसन में से कौन अभिषेक शर्मा का ओपनिंग जोड़ीदार होगा? इसे लेकर पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल ने अपनी राय दी है. उन्होंने पहले मैच के लिए भारत की प्लेइंग 11 का चुनाव भी किया है. पार्थिव चाहते हैं कि टीम इंडिया 2 स्पिनर और 3 तेज गेंदबाजों के साथ मैदान पर उतरे.

दरअसल, भारत और अमेरिका के बीच 7 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला होना है, जहां रनों की बारिश होती है. इस मैच के लिए पूर्व क्रिकेटर पार्थिव पटेल (Parthiv Patel) ने कुलदीप यादव, संजू सैमसन, हर्षित राणा और वाशिंगटन सुंदर को प्लेइंग 11 से बाहर रखा है. उन्होंने तीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या के साथ उतरने का फैसला किया है, जबकि दो स्पिनर के रूप में वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल को जगह दी है.

अभिषेक का ओपनिंग जोड़ीदार किसे बनाया?

स्टार स्पोर्ट्स पर ‘Follow the Blues’ शो में प्लेइंग 11 का चयन करते हुए पार्थिव पटेल ने अभिषेक शर्मा के जोड़ीदार के रूप में ईशान किशन को चुना है, जिन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज में कमाल का प्रदर्शन किया था. उन्होंने कहा, ‘अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ओपनर के तौर पर, सूर्यकुमार यादव नंबर 3 पर और तिलक वर्मा नंबर 4 पर. इसके बाद शिवम दुबे, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह और अक्षर पटेल होंगे.’ गेंदबाजी डिपार्टमेंट को लेकर पार्थिव पटेल ने कहा, ‘गेंदबाजी में अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती होंगे. यही मेरी प्लेइंग XI है. मैं अर्शदीप और बुमराह दोनों को टीम में रखना चाहूंगा.’

Add Zee News as a Preferred Source


सैमसन क्यों हुए इग्नोर?

पार्थिव पटेल ने संजू सैमसन के ऊपर ईशान किशन को क्यों तरजीह दी है? इसे लेकर उन्होंने बताया कि, ‘मुझे लगता है कि ईशान किशन अच्छी विकेटकीपिंग कर रहे हैं. उन्होंने पिछला मैच भी कीप किया था. वर्ल्ड कप की शुरुआत में आप टीम में फॉर्म में चल रहे खिलाड़ी को ही रखना चाहते हैं. मेरी राय में, जब टीम का चयन होगा तो भारत को ईशान किशन को जरूर शामिल करना चाहिए.’ किशन ने कीवी टीम के खिलाफ 4 मैचों में 1 शतक और एक फिफ्टी के दम पर कुल 215 रन बनाए थे. उनका औसत करीब 54 जबकि स्ट्राइक रेट 230 का था, जबकि संजू सैमसन पांचों मुकाबले खेले और 9.20 की बेहद खराब औसत से सिर्फ 46 रन बना सके थे.

पार्थिव पटेल द्वारा चुनी गई टीम इंडिया की प्लेइंग 11

अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा, कुलदीप यादव.



Source link