Last Updated:
Ishan kishan ready to any where batting: ईशान किशन का कहना है कि वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले का बहुत बेसब्री से इंतजार कर रहे थे. उन्होंने इस मैच में 20 गेंदों पर अर्धशतक जड़ा. ईशान ने कहा कि वह टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी पोजीशन पर बैटिंग के लिए तैयार हैं.
ईशान किशन ने कहा कि वह वर्ल्ड कप में किसी भी क्रम पर बैटिंग के लिए तैयार हैं.
नई दिल्ली. ईशान किशन का कहना है कि वह टी20 वर्ल्ड कप में किसी भी बैटिंग क्रम पर बल्लेबाजी के लिए तैयार हैं. बाएं हाथ के इस विकेट कीपर बल्लेबाज ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्मअप मैच में तूफानी हाफ सेंचुरी जड़ी. 20 गेंदों पर अर्धशतक जड़ने के बाद ईशाान ने कहा कि मुझे टीम के हित में जिस भी क्रम पर बैटिंग के लिए कहा जाएगा, मैं उसके लिए तैयार हूं. भारत ने पहले वॉर्मअप मैच में साउथ अफ्रीका को 30 रन से हरा दिया.
बुधवार को खेले गए वॉर्मअप मैच ईशान किशन (Ishan Kishan) ने 20 गेंदों पर 7 छक्कों और 2 चौकों के मदद से 53 रन बनाए.वह इसी स्कोर पर रिटायर्ड आउट हुए. मैच जीतने के बाद ईशान ने कहा, ‘मैं इस मुकाबले को लेकर बहुत उत्साहित था. नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए मुझे उस परिस्थिति में बहुत मजा आया, लेकिन वर्ल्ड कप आने वाला है, इसलिए मैं किसी भी पोजीशन पर बल्लेबाजी करूंगा. मेरा फोकस हमेशा टीम के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने पर होता है.’
उन्होंने कहा, ‘मेरे लिए वर्तमान में रहना, गेंद पर नजर रखना और उस समय की जरूरत के मुताबिक शॉट खेलना अहम है. मैं इस पर ज्यादा सोच-विचार नहीं करता, बस प्रतिक्रिया देता हूं. मैं गेंद देखता हूं और उसी के अनुसार खेलता हूं. यही तरीका मेरे लिए कारगर साबित हो रहा है. कुछ दिन आप खुद को बहुत अच्छा महसूस करते हैं, कुछ दिन नहीं. इस मुकाबले में पिच को भी श्रेय देना होगा. यह बल्लेबाजी के लिए शानदार थी. दूसरी पारी में भी पिच ने बल्लेबाजों का साथ दिया. मैंने विकेट और बाउंस पर भरोसा किया. विश्व कप इतना करीब होने पर जरूरी है कि अगर गेंद खेलने लायक हो, तो भले ही फील्डर खड़ा हो, आप खुद पर भरोसा करते हुए शॉट खेलें.’
इस मैच में तिलक वर्मा ने 19 गेंदों का सामना करते हुए 45 रन बनाए. उनकी इस पारी में 3 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे. तिलक वर्मा की तारीफ में ईशान किशन ने कहा, ‘वह हमारे लिए बहुत अहम खिलाड़ी हैं. अब वह सिर्फ बल्लेबाज नहीं रहे. वह कुछ ओवर गेंदबाजी भी करते हैं, खासकर जब दो बाएं हाथ के बल्लेबाज क्रीज पर हों. वह बहुत अच्छे फील्डर हैं और जिस तरह से वह इन दिनों बल्लेबाजी कर रहे हैं, नंबर तीन पर ऐसे खिलाड़ी की जरूरत होती है जो स्ट्राइक रोटेट करे और रन गति बनाए रखे.’
240 रन बनाने के बावजूद भारत ने इस मुकाबले को महज 30 रन से अपने नाम किया. ईशान ने कहा, ‘सुधार की हमेशा गुंजाइश रहती है. हम बैठकर चर्चा करेंगे कि बल्लेबाजों के खिलाफ कहां गेंदबाजी करनी है और कैसे बेहतर योजना बना सकते हैं, लेकिन इस विकेट पर मुझे लगता है कि हमने अच्छा प्रदर्शन किया। यह आसान नहीं था और हमने ज्यादा छक्के भी नहीं दिए. कुल मिलाकर यह एक ठोस गेंदबाजी प्रदर्शन था, हालांकि आगे और बेहतर होने पर जरूर चर्चा करेंगे.’
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें