INDU19 vs AFGU19: अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत का सामना अफगानिस्तान से हो रहा है. हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे मुकाबले में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए रनों का पहाड़ खड़ा किया है. दो बल्लेबाजी की शतक के दम पर अफगान ने भारत के सामने 311 रनों का लक्ष्य रखा है. नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए फैसल शिनोजादा ने 110 रनों की शानदार पारी खेली, वहीं उनके बाद उतरे उजैर उल्लाह नियाजी ने अभी ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए 86 गेंदों पर नाबाद 101 रन बना दिए.
अंडर 19 विश्व कप के इतिहास में ये भारत के खिलाफ किसी टीम का ये सर्वाधिक स्कोर है. इससे पहले वेस्टइंडीज ने 2014 में शारजाह में टीम इंडिया के खिलाफ 294 रन बनाए थे. अगर भारत को 6 फरवरी को इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल खेलना है तो उन्हें 311 रनों का पहाड़ चढ़ना होगा.
विकेट कीपर अभिज्ञान कुंडू से हुई बड़ी गलती
अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय टीम की फील्डिंग बेहद खराब रही. हद तो तब हो गई, जब अफगान बल्लेबाज उजैर उल्लाह नियाजी 98 रन पर थे. ये दिलचस्प ड्रामा आखिरी ओवर में हुआ. शतक पूरा करने के चक्कर में उजैर जान हथेली में लेकर डबल के लिए भागे. फील्डर ने गेंद तो विकेट कीपर की तरफ फेंका, लेकिन इसके बाद अभिज्ञान कुंडू ने जो किया उसे देख आंखों पर यकीन करना मुश्किल है. अफगानी बल्लेबाज फ्रेम में भी नहीं थे, रन आउट करने का आसान मौका था, लेकिन अभिज्ञान गेंद को स्टंप पर मारने के बजाय उसके ऊपर हाथ फेरते दिखे. उन्होंने पहले प्रयास में गेंद को स्टंप हिट करने में गलती कर दी और फिर जब दूसरे प्रयास में सफल हुए तब तक बहुत देर हो चुकी थी. किस्मत ने बहादुर का साथ दिया और उजैर उल्लाह नियाजी ने सेमीफाइनल जैसे अहम मैच में शतक जड़कर इतिहास रचा.
— Wickets Hitting (@offpacedelivery) February 4, 2026
आखिरी 10 ओवर में बने 111 रन
अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल में भारतीय गेंदबाजी भी काफी साधारण रही. इसका अंदाजा आप इस बात से लगा सकते हैं कि आखिरी 10 ओवरों में अफगानिस्तान ने 111 रन बना दिए. फैसल शिनोजादा ने 110 रन और उजैर उल्लाह नियाजी ने 101 रनों की पारी खेलकर टीम को ऐसे टोटल तक पहुंचाया, जिसेहासिल करना भारत के लिए आसान नहीं होगा.
ये भी पढ़ें: छलांग हो तो ऐसी… ICC T20I रैंकिंग में ईशान किशन ने मचाया तहलका, 4 दिन में 32 खिलाड़ियों को पीछे छोड़ा