India vs South Africa: टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप 2026 में धमाका करने के लिए पूरी तरह से तैयार है. बुधवार को मेगा इवेंट से पहले वॉर्म अप मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रन से हरा दिया. ऐसा माना जा रहा है कि दक्षिण अफ्रीका ही ऐसी टीम है जो एक बार फिर भारतीय टीम के लिए चुनौती बन सकती है, लेकिन प्रैक्टिस मैच में भारतीय बल्लेबाजों ने प्रोटियाज गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दी. सबसे ज्यादा धमाका युवा विकेट कीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने किया.
अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग करने उतरे ईशान किशन ने 20 गेंदों पर 53 रन बनाकर महफिल लूट ली. 265.00 की स्ट्राइक रेट से खेलते हुए बाएं हाथ के धाकड़ बल्लेबाज ने 2 चौके और 7 छक्के जड़े. इसी के साथ उन्होंने प्लेइंग इलेवन में बतौर ओपनर अपनी जगह पक्की कर ली है.
तिलक लेकर आए बड़ी खुशखबरी
टी20 वर्ल्ड कप से पहले तिलक वर्मा की फिटनेस और फॉर्म बड़ा सवाल था. इंजरी के कारण टीम इंडिया से बाहर होने के बाद से उन्होंने इस साल अभी तक एक भी अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला है. हालांकि, साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म अप मुकाबले में तिलक वर्मा बिल्कुल पुराने रंग में दिखे. उन्होंने 19 गेंदों पर 45 रनों की अच्छी पारी खेली.
हार्दिक-सूर्या ने भी दिखाया पावर
वॉर्म अप मैच में कप्तान सूर्यकुमार यादव और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने भी बल्ले से दम दिखाया. सूर्या ने 16 गेंद पर 30 रन और हार्दिक ने 10 गेंदों पर 30 रन बनाए. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए स्कोरबोर्ड पर 240 रन टांग दिए.
साउथ अफ्रीका ने दी कड़ी टक्कर
हालांकि, 241 रनों का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की आधी टीम 100 रनों पर पवेलियन लौट गई, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने लड़ाई जारी रखी और 20 ओवर में 210 रन बना दिए. प्रोटियाज की तरफ से रयान रिकेल्टन ने 44 रन और कप्तान एडन मार्करम ने 19 गेंदों पर 38 रन बनाए. आखिरी ओवरों में ट्रिस्टन स्टब्स और मार्को यानसेन ने गदर मचाया और मैच को थोड़ी देर के लिए रोमांचक बना दिया. हालांकि, साउथ अफ्रीकी टीम भारत के 240 रनों से 30 रन दूर रह गई. इस मैच में रनों की बरसात हुई. दोनों पारी को मिलाकर कुल 450 रन बने.