मुंबई में लगेगा सितारों का मेला, केएस राहुल और यशस्वी जायसवाल में सीधी टक्कर

मुंबई में लगेगा सितारों का मेला, केएस राहुल और यशस्वी जायसवाल में सीधी टक्कर


Last Updated:

स्टार खिलाड़ियों से सजी मुंबई और कर्नाटक के बीच शुक्रवार से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अगले पांच दिन तक रोमांचक खेल देखने को मिल सकता है. दोनों टीमों का इतिहास शानदार रहा है जिसमें मुंबई के पास 42 रणजी खिताब हैं और कर्नाटक के पास आठ ट्रॉफियां हैं

Zoom

रणजी क्वाटर फाइनल मैच में लगेगा सितारों का मेला

नई दिल्ली.  टी20 विश्व कप का बुखार भले ही चढ़ रहा हो लेकिन स्टार खिलाड़ियों से सजी मुंबई और कर्नाटक के बीच शुक्रवार से शुरू होने वाले रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में अगले पांच दिन तक रोमांचक खेल देखने को मिल सकता है. दोनों टीमों का इतिहास शानदार रहा है जिसमें मुंबई के पास 42 रणजी खिताब हैं और कर्नाटक के पास आठ ट्रॉफियां हैं लेकिन ऐसे नॉकआउट मुकाबलों में पिछले रिकॉर्ड का ज्यादा असर नहीं होता.

नॉकआउट मुकाबलों में मुंबई का दबदबा बरकरार रहा है जो अब नियमित कप्तान शारदुल ठाकुर और भारत के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल की वापसी से और बढ़ गया है.  इनके अलावा भी मुंबई के पास सरफराज खान, शम्स मुलानी, तनुष कोटियान, तुषार देशपांडे जैसे मैच जिताने वाले कई बल्लेबाज हैं. इसलिए मुंबई ग्रुप डी में शीर्ष पर रहकर नॉकआउट चरण में पहुंची.

मुंबई के कप्तान को जीत की आशा 

शार्दुल ठाकुर ने कहा, अगर आप किसी से भी पूछेंगे तो मुंबई के पास नॉकआउट मैच में सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं. मुझे अपनी और लड़कों की तैयारी पर भरोसा है. मुंबई हालांकि सरफराज की फिटनेस को लेकर परेशान है. मध्यक्रम के मुख्य खिलाड़ी सरफराज हैमस्ट्रिंग की समस्या और वायरल बुखार से जूझ रहे हैं, उन्होंने सत्र की शुरुआत में दोहरा शतक (227) बनाया था. ठाकुर ने कहा, ‘‘टीम के फिजियो और डॉक्टर लगातार उनके संपर्क में हैं.  हर दो-तीन घंटे में उनकी सेहत की जांच कर रहे हैं और हमें उम्मीद है कि वह कल खेलेंगे. सिद्धेश लाड ने ठाकुर की गैरमौजूदगी में मुंबई की कप्तानी की थी. वह 737 रन के साथ निरंतर रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे हैं और प्रबंधन उम्मीद करेगा कि वह इसी तरह खेलते रहें.

रास्ता काट सकती है  कर्नाटक टीम

कर्नाटक ने नाटकीय तरीके से नॉकआउट चरण में प्रवेश किया, वह ग्रुप बी में मध्य प्रदेश के बाद दूसरे स्थान पर रही. कर्नाटक ने अपने आखिरी लीग मैच में पंजाब के खिलाफ पांच विकेट से रोमांचक जीत हासिल करके शीर्ष आठ में जगह पक्की की. करुण नायर की वापसी से निश्चित रूप से उनके बल्लेबाजी लाइन-अप को मजबूती मिलेगी जिसमें केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, मयंक अग्रवाल, आर स्मरण और तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा भी शामिल हैं. अग्रवाल की जगह कप्तान बनने के बाद देवदत्त ने पंजाब के खिलाफ 120 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को नॉकआउट में पहुंचाया.

देवदत्त पड्डीकल ने भरा दम 

देवदत्त ने यहां मैच की पूर्व संध्या पर कहा, ‘‘कर्नाटक की कप्तानी करना हमेशा से मेरा सपना रहा है. खराब फॉर्म के बाद वापसी के बारे में देवदत्त ने कहा, ‘‘तकनीक के हिसाब से ज्यादा कुछ नहीं बदला है। यह ज्यादातर मानसिक है। मैंने ज्यादा रन बनाने की कोशिश की है। हर बार जब मैं बल्लेबाजी करने जाता हूं तो रन बनाने की इच्छा रखता हूं। ’’कर्नाटक की गेंदबाजी लेग-स्पिन ऑलराउंडर श्रेयस गोपाल के इर्द-गिर्द घूमेगी जिन्होंने 18.32 की औसत से 37 विकेट लिए हैं और 441 रन भी बनाए हैं जबकि कृष्णा की तेज गेंदबाजी एक मजबूत हथियार बनी हुई है. कर्नाटक का पलड़ा भारी है क्योंकि उसने मुंबई के साथ अपनी पिछली पांच भिड़ंत में तीन मैच जीते हैं और दो ड्रॉ रहे हैं.

homecricket

मुंबई में लगेगा सितारों का मेला, केएस राहुल और यशस्वी जायसवाल में सीधी टक्कर



Source link