Harshit Rana Injury: टी20 विश्व कप 2026 से पहले टीम इंडिया की टेंशन बढ़ चुकी है. वजह है एक और खिलाड़ी को लगी चोट. इस बार हर्षित राणा चोटिल हुए हैं. उन्हें यह चोट साउथ अफ्रीका के खिलाफ 4 फरवरी की शाम नवी मुंबई में हुए मुकाबले के दौरान लगी. चोट कितनी गंभीर है? इस बारे में अब तक ज्यादा अपडेट नहीं आया है, लेकिन जिस तरह से हर्षित लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर गए थे, वो टीम और फैंस के लिए टेंशन बढ़ाने वाला पल रहा.
टीम इंडिया पहले से ही अपने चोटिल खिलाड़ियों को लेकर परेशान रही है, जिनमें वाशिंगटन सुंदर, तिलक वर्मा और अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ अभ्यास मैच में तेज गेंदबाज हर्षित राणा मुश्किल में दिखे. मैच के बीच वो घुटना पकड़े दिखे. दो कदम भी चलना मुश्किल था. जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गई हैं. भारत को 7 फरवरी को अमेरिका के खिलाफ अपना पहला ग्रुप मैच खेलना है. इससे पहले हर्षित की चोट ने परेशानी खड़ी कर दी है.
1 ओवर भी मुश्किल से डाल पाए
Sportstar ने अपनी रिपोर्ट में बताया है कि चोट के चलते हर्षित को 1 ओवर के दौरान 2 दफा अपना रन-अप भी रोकना पड़ा था. इसके बाद वो घुटना पकड़कर लंगड़ाते भी दिखे और आखिरकार मैदान छोड़ दिया. पिछले 1 साल से हर्षित टीम इंडिया का हिस्सा हैं. तीनों फॉर्मेट में डेब्यू कर चुके हैं. उनके पास गेंद और बल्ले दोनों से मैच जिताने की क्षमता है. ऐसे में उनकी चोट बेशक भारतीय टीम मैनेजमेंट की चिंता बढ़ाने वाली है.
गंभीर के चहेते खिलाड़ी हैं हर्षित
ये वही हर्षित राणा हैं, जिन्हें हेड कोच गौतम गंभीर का खास कहा जाता है. खास इसलिए क्योंकि गंभीर की कोचिंग में हर्षित को लगातार मौके दिए गए. उन पर खुलकर भरोसा भी जताया गया है. इतना ही नहीं, गंभीर और हर्षित दोनों दिल्ली से आते हैं. गंभीर ने उन्हें पहले घरेलू क्रिकेट और फिर IPL में सपोर्ट किया. जब गंभीर केकेआर के कोच थे, तब हर्षित उनके अंडर खेले. गंभीर के भरोसे से हर्षित का कॉन्फिडेंस बढ़ा. जब टीम को तेज गेंदबाज की जरूरत थी, तब गंभीर ने हर्षित राणा को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने की सिफारिश की. इससे यह मैसेज गया कि गंभीर उन्हें फ्यूचर प्रॉस्पेक्ट मानते हैं. हर्षित अब तक भारत के लिए 2 टेस्ट में 4 विकेट ले चुके हैं. वनडे के 14 मैचों में 26 शिकार किए, जबकि टी20 के 9 मैचों में 9 विकेट लिए हैं.
चोट से जूझती टीम इंडिया
टीम इंडिया पहले से ही वाशिंगटन सुंदर की चोट को लेकर परेशान है. सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मैच में चोटिल हो गए थे, हालांकि रिकवरी बढ़िया रही और वो फिट हो चुके हैं. जल्द ही उन्हें हरी झंडी मिल जाएगी. हाल में तिलक वर्मा और अक्षर पटेल भी फिट होकर मैदान पर लौटे हैं.
T20 World Cup 2026 के लिए भारतीय टीम
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रिंकू सिंह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती.
ये भी पढ़ें: एक-एक रन को तरसे बैटर…T20 World Cup के 7 सबसे छोटे टोटल…ये 3 टीमें तो 50 रन भी नहीं बना पाई