Last Updated:
Salman Ali Agha reaction india match: पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा का कहना है कि भारत के अलावा भी उन्हें तीन मैच खेलने हैं. इसलिए उनका फोकस उन तीनों मैचों पर है. टी20 वर्ल्ड कप से पहले कैप्टंस मीट में सलमान ने कहा कि भारत के खिलाफ मुकाबला उनके कंट्रोल में नहीं है. जो उनकी सरकार कहेगी, उनकी टीम उस फैसले का पालन करेगी.
सलमान अली आगा ने भारत से न खेलने को लेकर दिया बयान.
नई दिल्ली. पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टी20 वर्ल्ड कप से पहले कोलंबो में आयोजित कप्तानों की बैठक में कहा कि भारत के खिलाफ न खेलना पूरी तरह से पाकिस्तान सरकार का फैसला है. आगा ने गुरुवार को कोलंबो में पत्रकारों से कहा, ‘भारत के खिलाफ मैच हमारे कंट्रोल में नहीं है. यह सरकार का फैसला है और हम इसका सम्मान करते हैं. वे जो भी कहेंगे, हम वही करेंगे. इसके बाद हमारे पास तीन और मैच हैं और हम उनके लिए बहुत उत्साहित हैं.’
रविवार को पाकिस्तानी सरकार ने घोषणा की कि उसकी पुरुष क्रिकेट टीम 15 फरवरी को अपने कट्टर प्रतिद्वंद्वी भारत के खिलाफ होने वाले मैच में नहीं उतरेगी. हालांकि उसने इस फैसले के पीछे का कारण नहीं बताया. पाकिस्तान सरकार ने एक पोस्ट में कहा, ‘इस्लामिक गणराज्य पाकिस्तान की सरकार ने पाकिस्तान क्रिकेट टीम को आईसीसी विश्व टी20 2026 में भाग लेने की अनुमति दे दी है; हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ होने वाले मैच में नहीं उतरेगी.’
सलमान अली आगा ने भारत से न खेलने को लेकर दिया बयान.
सलमान आगा से जब यह पूछा गया कि अगर सेमीफाइनल में उनका सामना भारत से होता है तो पाकिस्तान क्या करेगा, तो उन्होंने इस सवाल का सीधा जवाब नहीं दिया. उन्होंने कहा,’भारत का खेल हमारे नियंत्रण में नहीं है. यह सरकार का फैसला था, और अगर हमें सेमीफाइनल या फाइनल में उनके खिलाफ खेलना ही पड़ा, तो हमें उनसे सलाह लेनी होगी और उनके निर्देशों का पालन करना होगा.’
भारत बनाम पाकिस्तान मैच न देख पाने पर सलमान ने हंसते हुए कहा, ‘तीन और मैच हैं जिन्हें वे आकर देख सकते हैं.’ पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी इस फैसले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच का बहिष्कार करने के सरकार के कदम को ‘उचित’ बताया. शरीफ ने बुधवार को अपने मंत्रिमंडल के सदस्यों से कहा, ‘हमने टी20 विश्व कप पर बहुत स्पष्ट रुख अपनाया है कि हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे क्योंकि खेल के मैदान पर राजनीति नहीं होनी चाहिए.’
शरीफ ने आगे जोर दिया कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) द्वारा बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किए जाने के बाद पाकिस्तान को बांग्लादेश के साथ खड़ा होना चाहिए. बांग्लादेश ने सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए अपने टी20 विश्व कप मैच भारत से श्रीलंका में स्थानांतरित करने की मांग की थी. शरीफ ने कहा,’हमने बहुत सोच-समझकर रुख अपनाया है और हमें पूरी तरह से बांग्लादेश के साथ खड़ा होना चाहिए. मुझे लगता है कि यह एक बहुत ही उचित निर्णय है. शहबाज के इस बयान के एक दिन बाद बांग्लादेश ने उन्हें शुक्रिया पाकिस्तान का मैसेज किया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें