Last Updated:
3 कारण जिसकी वजह से पाकिस्तान टी20 वर्ल्ड कप से पहले दौर से हो सकता है बाहर!
नई दिल्ली. पाकिस्तान ने सरकार के निर्देश पर भारत के खिलाफ बहुप्रतीक्षित मुकाबले का बहिष्कार करने का फैसला लेकर खुद के ही पैर पर कुल्हाड़ी मार ली है. यह मैच शनिवार, 15 फरवरी 2026 को कोलंबो में होना था. ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया शामिल हैं. हर ग्रुप से दो टीमें सुपर 8 में जाएंगी, ऐसे में पाकिस्तान के लिए नीदरलैंड्स, अमेरिका और नामीबिया के खिलाफ मुकाबले शुरू से ही नॉकआउट जैसे हो गए हैं. ऊपर से कोलंबो का मौसम भी पाकिस्तान के लिए मुश्किलें बढ़ा रहा है. भारत के खिलाफ मैच से बाहर होने का फैसला पाकिस्तान के नेट रन रेट के लिए भी नुकसानदायक साबित होगा. ऐसे में पाकिस्तान एक मुश्किल स्थिति में फंस गया है.
भारत के खिलाफ मैच तय कार्यक्रम के अनुसार होगा या नहीं, यह देखना बाकी है. फिलहाल पाकिस्तान ने भारत के बहिष्कार पर अपना रुख नरम करने से इनकार कर दिया है. इसी बीच कई मीडिया रिपोर्ट्स आ रही हैं कि इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) इस मुद्दे को सुलझाने के लिए बैकचैनल बातचीत कर रहे हैं.
भारत से ना खेलना पड़ेगा भारी
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की टीम पर पहले दौर से बाहर होने का खतरा मंडरा रहा है. भारत के खिलाफ मैच ना खेलने का फैसला लेकर टीम ने एक ऐसा कदम उठाया है जिससे उसे जबरदस्त नुकसान होगा. टीम अगर मुकाबला नहीं खेलती है तो उसको ना सिर्फ बिना मैच खेले 2 अंक देने पड़ेंगे बल्कि नेट रन रेट पर भी असर पड़ेगा. उसके 20 ओवर पूरे गिने जाएंगे लेकिन मैच ना होने की वजह रन शून्य माना जाएगा.
कोलंबो का मौसम पाकिस्तान की मुश्किलें बढ़ा रहा है
गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को बारिश की संभावना काफी ज्यादा है. पाकिस्तान और नीदरलैंड्स के बीच मैच सुबह 11 बजे शुरू होना है. शनिवार को मौसम ज्यादातर बादलों से घिरा रहेगा, लेकिन दोपहर में बारिश की संभावना जताई गई है. गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना 26 फीसदी है. अगर मैच बारिश के कारण छोटा होता है तो यह नीदरलैंड्स के पक्ष में जा सकता है, क्योंकि छोटे मैचों में कमजोर टीमों के पास जीतने का मौका बढ़ जाता है. ऐसे में यह मुकाबला किस्मत का खेल बन सकता है और पाकिस्तान को इसका अंदाजा है. पाकिस्तान को अपने सभी मैच कोलंबो में ही खेलने हैं.
पाकिस्तान अपना दूसरा ग्रुप लीग मैच मंगलवार, 10 फरवरी 2026 को कोलंबो में अमेरिका के खिलाफ खेलेगा, इसके बाद आखिरी ग्रुप मैच बुधवार, 18 फरवरी 2026 को नामीबिया के खिलाफ होगा. फिलहाल इन दोनों मैचों के लिए मौसम अच्छा बताया जा रहा है और बारिश की संभावना कम है. लेकिन अमेरिका के खिलाफ मैच पाकिस्तान के लिए उम्मीद से ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकता है, क्योंकि पिछले टी20 वर्ल्ड कप 2024 में पाकिस्तान को अमेरिका के हाथों करीबी मुकाबले में हार मिली थी. नामीबिया भी इस फॉर्मेट में कमजोर टीम नहीं है, इसलिए पाकिस्तान के लिए आखिरी मैच भी आसान नहीं होगा.
अमेरिका पहले हराकर कर चुका है उलटफेर
पाकिस्तान की टीम के लिए ग्रुप मुकाबले आसान नहीं होने वाले हैं. नीदरलैंड्स को डार्क हॉर्स माना जा रहा है जबकि अमेरिका की टीम भी बड़ा खतरा है. 2022 टी20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर बाहर कर दिया था. वहीं 2009 में इंग्लैंड की टीम को शिकस्त दिया था. अमेरिका ने 2024 वर्ल्ड कप में सुपर ओवर में पाकिस्तान को हराया था. इंडिया ए के खिलाफ वार्म अप मैच में 200 रन बनाकर अपने फॉर्म में होने का सबूत दे दिया है.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें