30 दिन में 45 मौतें: 80% हादसों में बाइक सवारों ने जान गंवाई, कारण- ओवर स्पीड, नशा और बिना हेलमेट – Indore News

30 दिन में 45 मौतें:  80% हादसों में बाइक सवारों ने जान गंवाई, कारण- ओवर स्पीड, नशा और बिना हेलमेट – Indore News




शहर सहित जिले में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। इनमें जान गंवाने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। मौजूदा आंकड़ों के अनुसार पिछले 30 दिनों में 45 लोगों की मौतें हो चुकी हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि 80 प्रतिशत हादसों में जान गंवाने वाले अधिकतर युवा बाइक सवार रहे। पुलिस के अनुसार हादसों का कारण ओवर स्पीड, बिना हेलमेट व नशे में वाहन चलाना रहा। वहीं आठ प्रतिशत मामलों में पैदल चालक व महिलाएं भी दुर्घटना का शिकार हुईं। पिछले साल के आंकड़ों पर नजर डालें तो 2025 में शहर में 262 लोगों की मौत हुई। इस लिहाज से हर हफ्ते तकरीबन पांच मौतें हुई हैं।
महिलाओं की मौतें भी तेजी से बढ़ रहीं
सेव ए लाइफ संस्था के आंकड़ों के मुताबिक हादसों में महिलाओं की मौत का आंकड़ा भी तेजी से बढ़ा है। पिछले साल जहां 11 महिलाओं की मौत हुई थी, वहीं इस साल जनवरी में 10 महिलाएं दम तोड़ चुकी हैं। यह आंकड़ा सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
अधिकांश हादसे नशे के कारण हो रहे
हादसों में जान जाने से रोकने के लिए अभियान चलाए गए। लोगों को जागरूक करने वाले प्रयास भी हुए हैं, इसके बाद भी सड़क हादसों में कमी नहीं आई है। जिले में 45 मौतें हुई हैं, इनमें अधिकांश हादसे शराब के नशे के कारण हुए हैं। नशे में वाहन चलाने से जनहानि हो रही है। महिलाओं की मौत के आंकड़े भी चौंकाने वाले बड़े हैं।
– प्रफुल्ल जोशी, संस्था सेव एक लाइफ
निगम का टैंकर बुजुर्ग पर चढ़ा, मौत
संयोगितागंज क्षेत्र में नगर निगम के टैंकर ने एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टैंकर का पहिया बुजुर्ग के दोनों पैर पर चढ़ा गया। गंभीर हालत में बुजुर्ग को हॉस्पिटल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। टैंकर चालक मौके से फरार हो गया, जिसे राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया। खास बात यह है कि एक व्यक्ति एक्सीडेंट देखने पहुंचा तो पिता सड़क पर पड़े मिले। पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम सुंदरलाल (81) पिता गंगादीन श्रीवास निवासी इदरीश नगर है। घटना बुधवार शाम आजाद नगर थाने के सामने हुई। सुंदरलाल रोज की तरह घर से घूमने के लिए निकले थे। तभी तेज रफ्तार टैंकर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर से बुजुर्ग गिर पड़े और टैंकर के पिछले पहिए की चपेट में आने से उनके दोनों पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। बेटे मनीष ने बताया कि हादसा दुकान और घर से करीब 1 किमी दूर ही हुआ। दुकान पर एक व्यक्ति ने एक्सीडेंट की सूचना दी थी। जब मैं एक्सीडेंट देखने गया तो पिता मेरे सामने लहूलुहान पड़े थे। मैंने अपने घरवालों को फोन कर बुलाया और पिता को लेकर हॉस्पिटल पहुंचा। उनके पैरों की पूरी तरफ फट चुके थे। इलाज के दो घंटे में उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
लसूड़िया क्षेत्र में हुए हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह दोस्त के साथ घर लौट रहा था, तभी किसी वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। पुलिस के मुताबिक मृतक का नाम नीरज (47) पिता सुखनंद जैन निवासी बजरंग नगर है। हादसा 1 फरवरी की रात हुआ था।



Source link