Last Updated:
Sanju Samson Unlikely To Play Against USA: ईशान किशन ने टी20 टीम में वापसी के बाद से धमाकेदार पारी खेली है जबकि संजू सैमसन लगातार फ्लॉप रहे. साउथ अफ्रीका वॉर्म-अप मैच में ईशान ने 20 गेंद में 53 रन बनाए, संजू सैमसन को खेलने का मौका नहीं दिया गया. इससे ये साफ हो गया है कि उनको इस टूर्नामेंट में शायद प्लेइंग इलेवन में मौका नहीं मिलेगा.
संजू सैमसन का प्लेइंग इलेवन में चुना जाना मुश्किल
नई दिल्ली. पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में संजू सैमसन भारत के पहली पसंद विकेटकीपर बल्लेबाज थे लेकिन सिर्फ 5 मैच के बाद ही सबकुछ बदल चुका है. बुधवार (4 फरवरी) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में उन्होंने बल्लेबाजी नहीं की. सैमसन की जगह ईशान किशन ने पारी की शुरुआत की और सिर्फ 20 गेंद में 53 रन की धमाकेदार पारी खेली. झारखंड के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 2 चौके और 7 छक्के लगाए और 265.00 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की. इससे ये साफ हो गया है कि संजू का खराब फॉर्म उनको प्लेइंग इलेवन से बाहर करवा चुका है.
जब दक्षिण अफ्रीका 241 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी तो ईशान किशन ने विकेटकीपिंग की. न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी टी20 में बल्लेबाजी में फ्लॉप होने के बाद भी बीच मैच में ही संजू से विकेटकीपर की जिम्मेदारी ले ली गई थी. भारत के टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एकमात्र वॉर्म-अप मैच में ईशान ने ओपनिंग के साथ-साथ विकेटकीपिंग भी की, जिससे यह लगभग साफ हो गया है कि 7 फरवरी को मुंबई में अमेरिका के खिलाफ होने वाले वर्ल्ड कप के पहले मैच में सैमसन की जगह ईशान को प्लेइंग इलेवन में मौका मिलेगा.
सैमसन को पिछले महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के मैचों के लिए भारत की प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह पक्की करने के पांच मौके मिले थे. वह 10, 6, 0, 24 और 6 रन ही बना सके. वहीं दो साल बाद टीम में वापसी कर रहे ईशान किशन ने 8, 76, 28, 103 की पारी खेल डाली. दूसरे टी20 में ईशान ने सिर्फ 32 गेंद में 76 रन बनाए थे और पांचवें मैच में उन्होंने 42 गेंद में शतक जड़ा था. वॉर्म-अप मैच में भी उन्होंने अपनी फॉर्म जारी रखते हुए 20 गेंद में 53 रन बनाए.
भारत-दक्षिण अफ्रीका वॉर्म-अप मैच को कुछ खिलाड़ियों के लिए ऑडिशन था. इससे यह साफ हो गया है कि हर्षित राणा और कुलदीप यादव को अमेरिका के खिलाफ मैच में प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिलेगी. हर्षित ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सिर्फ एक ओवर फेंका और 16 रन दे दिए, जबकि कुलदीप ने दो ओवर में 25 रन दिए और कोई विकेट नहीं लिया.
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन:
अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, अक्षर पटेल, हार्दिक पंड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें