Last Updated:
Madhya Pradesh Budget Session: मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया के बारे में टिप्पणी की थी. इसके बाद से ही वह लगातार कांग्रेस के निशाने पर रहे हैं. वहीं कैलाश विजयवर्गीय अपने घंटा वाले बयान के लिए खासे चर्चा में आए थे. अब बजट सत्र से पहले इन दोनों पर कांग्रेस हमलावर है.
बीजेपी और कांग्रेस का झंडा
रिपोर्ट-शैलेंद्र सिंह/भोपाल
Madhya Pradesh Assembly Budget Session: मध्य प्रदेश विधानसभा में का नया सत्र 16 फरवरी से शुरू होकर 6 मार्च तक चलेगा. 19 दिनों के इस सत्र में सत्ता पक्ष कई विधेयक पारित करवाने की तैयारी में है. इस सत्र में वित्तीय सत्र में बजट के साथ-साथ कई अहम कार्यों को निपटाया जाएगा. लेकिन इससे पहले ही कांग्रेस ने कैलाश विजयवर्गीय और विजय शाह पर निशाना साधा है.
जीतू पटवारी ने कही ये बात
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि मंत्री विजय शाह जिसने भारत की बेटी कर्नल सोफिया के खिलाफ गलत टिप्पणी की. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद भी उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई. डिप्टी सीएम और स्वास्थ्य मंत्री पर कफ सिरप से 25 बच्चों की मौत को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की.
वही सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में पानी पीने से 32 लोगों की मौत हो गई, फिर भी नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई. ऐसे दोषी मंत्रियों पर सरकार को कार्रवाई करनी चाहिए.अगर सत्र के पहले कोई कार्रवाई नहीं होती है तो सदन में यह लोग आएंगे, तो कांग्रेस पुरजोर विरोध करेगी.
बीजेपी ने दिया जवाब
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल का कहना है कि रोज सुबह सुर्खियां बटोरने के लिए कैमरे की राजनीति पर बोलना बहुत आसान है, यह वही जीतू पटवारी हैं इनके प्रभारी हरीश चौधरी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इनके खिलाफ दिल्ली में शिकायत करते है, वह इतनी ऊर्जा अपनी पार्टी में लगाएं, तो पार्टी का भला होगा. बीजेपी न्याय व्यवस्था पर भरोसा करती है जो भी निर्देश मिलेंगे उस तरह कार्रवाई होगी.
मंत्री विजय शाह के पीछे क्यों पड़ी है कांग्रेस
ऑपरेशन सिंदूर में कर्नल सोफिया कुरैशी की भूमिका को लेकर शाह ने टिप्पणी की थी, जो महिलाओं की सशक्तिकरण और सेना की गरिमा से जुड़ी थी. सुप्रीम कोर्ट ने MP सरकार को फटकार लगाते हुए कहा कि SIT रिपोर्ट पर तुरंत कार्रवाई करें, अन्यथा कोर्ट हस्तक्षेप करेगा. विजय शाह की टिप्पणी को विपक्ष ने महिलाओं का अपमान बताया था.