RCB-W vs DC-W WPL final 2026: महिला प्रीमियर लीग (WPL 2026 Final) में रोमांच का ट्रिपल डोज देखने को मिला है. फाइनल में 3 बार चोक करने वाली दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने फाइनल में इतिहास बदल दिया है. टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी दिल्ली ने बोर्ड पर रिकॉर्डतोड़ टोटल लगाया. लेकिन दूसरी तरफ आरसीबी के सामने ये भी छोटा नजर आया. आरसीबी ने 6 विकेट से जीत दर्ज की और दूसरा खिताब अपने नाम किया. दिल्ली ने बोर्ड पर आरसीबी के खिलाफ फाइनल मुकाबले में 203 रन टांग दिए. जिससे सालभर पुराना बड़ा रिकॉर्ड बाल-बाल बच गया.
दिल्ली की तिकड़ी ने मचाया कोहराम
विशाल स्कोर तक पहुंचाने में दिल्ली की तिकड़ी ने धमाल मचा दिया. लौरा वोल्वार्ड्ट, जेमिमा रोड्रिगेज और चिनले हेनरी की तिकड़ी का अहम योगदान रहा. गुरुवार को फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना ने दिल्ली कैपिटल्स को बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया. इसके जवाब में कैपिटल्स ने निर्धारित ओवरों में 4 विकेट खोकर 203 रन बनाए.
चमकी कप्तान जेमिमा
ओपनर लिजेल ली ने टीम के खाते में 37 रन का योगदान दिया. उनकी इस पारी में 3 छक्के और इतने ही चौके शामिल रहे. इसके बाद कप्तान जेमिमा रोड्रिगेज ने लौरा वोल्वार्ड्ट के साथ तीसरे विकेट के लिए 51 गेंदों में 76 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया. जेमिमा 37 गेंदों में 8 चौकों के साथ 57 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद वोल्वार्ड्ट ने चिनले हेनरी के साथ 54 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 200 के पार पहुंचाया.
ये भी पढे़ं.. रिकॉर्डतोड़ फाइनल.. सबसे बड़े चेज के साथ RCB चैंपियन, मंधाना ने तोड़ा दिल्ली का दिल
बाल-बाल बचा मुंबई का रिकॉर्ड
अभी तक WPL फाइनल में दिल्ली ऐसी पहली टीम है जिसने 200 का आंकड़ा पार किया है. हालांकि, प्लेऑफ की बात करें तो सबसे बड़ा रिकॉर्ड बनाने के मामले में मुंबई की टीम टॉप पर है. मुंबई ने 2025 में गुजरात के खिलाफ 213 रन बोर्ड पर टांग दिए थे. हालांकि, रिकॉर्डतोड़ टोटल के बाद भी लगातार चौथी बार फाइनल में दिल्ली की टीम को हार का सामना करना पड़ा है. जेमिमा की मेहनत बेकार गई. आरसीबी फाइनल में सबसे बड़ा रन चेज करने वाली टीम साबित हुई. आरसीबी की तरफ से कप्तान स्मृति मंधाना ने 87 रन की पारी खेली जबकि जॉर्जिया ने 79 रन ठोके.