कथा में पूतना वध व बाल लीलाओं का किया भावपूर्ण वर्णन – Guna News

कथा में पूतना वध व बाल लीलाओं का किया भावपूर्ण वर्णन – Guna News




ग्राम अनारद चौराहा पर चल रही श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में आगे बढ़ रही है। कथा के पांचवें दिन कथा वाचक प्रेम नारायण गेहूंखेड़ी वाले ने भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं का भावपूर्ण और रोचक वर्णन किया। उन्होंने पूतना वध लीला का विस्तार से वर्णन किया। यह बालकृष्ण की प्रथम लीला मानी जाती है। कथा वाचक ने बताया कि कंस द्वारा भेजी गई राक्षसी पूतना सुंदर स्त्री का रूप लेकर गोकुल पहुंची। उसने विषैला दूध पिलाकर बालकृष्ण को मारने का प्रयास किया। लेकिन सर्वज्ञ भगवान श्रीकृष्ण ने विष के साथ पूतना के प्राण भी हर लिए और उसे मोक्ष दिया। पूतना ने माता भाव से भगवान को स्तनपान कराया था, इसलिए भगवान ने उसे माता समान गति दी। यह प्रसंग भगवान की करुणा और भक्ति की शक्ति को दर्शाता है। कथा में पूतना के पूर्व जन्म रत्नमाला का भी उल्लेख हुआ। संदेश दिया गया कि भगवान अपने भक्तों की भावनाओं को व्यर्थ नहीं जाने देते। कथा पंडाल में श्रद्धालु “जय श्रीकृष्ण” और “हरे कृष्ण” के जयघोष में भावविभोर हो उठे। आयोजकों ने बताया कि यह कथा का पांचवां दिन है। प्रतिदिन विशाल भंडारे का आयोजन हो रहा है। सैकड़ों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर धर्म लाभ ले रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए थाना फतेहगढ़ प्रभारी और अभिषेक तिवारी ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उनके निर्देश पर प्रतिदिन पुलिस स्टाफ की तैनाती की जा रही है। आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से चल रहा है। क्षेत्रवासियों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे शेष कथा दिवसों में अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लें।



Source link