अलर्ट: रोंगटे खड़े कर रहे दिल्ली में पढ़ने वाली लड़कियों के खौफनाक अनुभव, सच में फैल रहा किडनैपिंग का जाल? पढ़ें आपबीती

अलर्ट: रोंगटे खड़े कर रहे दिल्ली में पढ़ने वाली लड़कियों के खौफनाक अनुभव, सच में फैल रहा किडनैपिंग का जाल? पढ़ें आपबीती


Last Updated:

द‍िल्‍ली में गायब हो रही लड़क‍ियों के मामले में दिल्ली यूनिवर्सिटी साउथ कैंपस की छात्राओं ने बेहद सनसनीखेज अनुभव बयां क‍िए हैं. किडनेपिंग की कोश‍िश वाले ये अनुभव इतने डरावने हैं क‍ि राजधानी में बच्‍च‍ियों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा कर रहे हैं. एक मामले में कमला नेहरू कॉलेज की छात्रा ने एफआईआर भी दर्ज कराई है. पढ़ें लड़क‍ियों के खौफनाक अनुभव..

ख़बरें फटाफट

Zoom

द‍िल्‍ली में पढ़ने वाली लड़क‍ियों के खौफनाक अनुभव पढ़कर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे.

Delhi Girl Students Fearful Experiences: दिल्ली में लड़कियां और महिलाएं बड़ी संख्या में गायब हो रही हैं. लापता लेडीज का सनसनीखेज आंकड़ा पेश करने के बाद भले ही दिल्ली पुलिस और दिल्ली सरकार इसे सामान्य साबित करने की कोशिश करे और तमाम दलीलें दे, लेकिन दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रही लड़कियों के इन खौफनाक अनुभवों को आप पढ़ेंगे तो आपका कलेजा कांप जाएगा. साउथ और नॉर्थ दिल्ली में पढ़ने वाली कुछ छात्राओं ने एक कॉमन स्टूडेंट्स ग्रुप पर पिछले कुछ दिनों में उनके साथ हुई घटनाओं के एक्सपीरिएंस शेयर किए हैं, जो बेहद डरावने हैं. कई लड़कियों ने रोते हुए अपनी आपबीती की ऑडियो शेयर की हैं, जबकि दिल्ली यूनिवर्सिटी के कमला नेहरू कॉलेज में पढ़ने वाली एक छात्रा ने न केवल उसके साथ दिनदहाड़े की गई किडनेपिंग की कोशिश के बारे में बताया है बल्कि दिल्ली पुलिस में एफआईआर भी दर्ज कराई है. सुरक्षा के लिहाज से इन सभी के नाम गुप्त रखे गए हैं. आइए पढ़िए..

  1. छात्रा1- मैं आज कॉलेज से बाहर कुछ खाने-पीने के लिए आई थी और दोपहर में धूप अच्छी थी तो मैंने सोचा थोड़ी देर सत्या पार्क में बैठ जाती हूं. मैं एक बैंच पर बैठी थी, तो कुछ दूरी पर एक और बैंच पड़ी थी, वहां अचानक एक लड़की हंसती-खेलती हुई आई और बैंच पर बैठते ही घुटनों के बीच में सिर रखकर रोने लगी. वह एकदम तेज-तेज आवाज में ऐसे रो रही थी जैसे फिल्मों में रोते हैं. मुझे कुछ समझ ही नहीं आया कि अभी तो ये हंस रही थी, रोने क्यों लगी. मैंने सोचा कि ये थोड़ा शांत हो जाए तो इसके पास जाकर पूछती हूं कि हुआ क्या है? तभी मैंने देखा पास से दो लड़के उस लड़की के पास से उसे देखते हुए गुजरे और मेरे पीछे से होकर निकल गए. उस लड़की ने उन्हें देखा और लड़की ने भी उन्हें देखा और फिर तीनों ने मेरी ओर देखा. कुछ मिनट के बाद वो लड़के फिर से उस लड़की को देख रहे और मेरी ओर देख रहे, और फिर लड़की ने मेरी ओर देखते हुए एक बार फिर रोना शुरू कर दिया. मुझे अब कुछ डर सा लगने लगा, पता नहीं कैसे मेरे सिक्स्थ सैंस ने काम किया और मैं उठी और लड़की के पास जाने के बजाय सीधे पार्क के गेट की तरफ भागी, लेकिन क्या देखती हूं कि जो लड़की मेरे से दूर थी वह पार्क के गेट पर मेरे सामने आ गई. मेरी घबराहट से जान निकलने लगी और मैं वहां से तेजी से भागी, मैंने पीछे मुड़ के देखा कि वह लड़की और वे दोनों लड़के आपस में बात कर रहे थे और वह लड़की इतनी अजीब तरह से मुस्कुराई, जैसे उसने मुझे ये बताया कि अच्छा तू समझ गई? मैं वहां से भागकर सीधे अपने रूम पर पहुंची, पर मैं बहुत घबरा रही थी.
  2. छात्रा. 2- कॉलेज के बाद मैं घर के लिए चल दी. शाम के पौने 4 बजे थे, काफी सुनसान था. ग्रीन पार्क मेट्रो के पास का एक बस स्टॉप पर पहुंची तो मैंने महसूस किया कि एक बहुत लंबा व्यक्ति मेरा पीछा कर रहा है, जैसे ही मैं रुकी, वह भी रुक गया. तभी मैंने देखा कि एक बाइक और एक ऑटो मेरे और उस आदमी के आगे पीछे-आगे पीछे होकर चल रहे थे. गाड़ियां तो सीधे जा रही थीं लेकिन वह ऑटो और बाइक धीमे धीमे चल रहे थे. मैं चलती रही, कुछ मिनट के बाद मैंने देखा कि ऑटो आगे हो गया और वह लंबा आदमी उस ऑटो के साइड में छुप गया. मैंने जब ये देखा तो मैं पीछे ही मुड़ गई और उल्टा मेट्रो की तरफ चलने लगी. जब मैंने मुड़कर देखा तो वे लोग उधर नहीं थे. मैंने सोचा चले गए तो मैं फिर मुड़कर अपने रूम की तरफ चलने लगी, लेकिन अचानक ही पीछे से वो आदमी निकलकर आया और उसने मुझे पीछे से बहुत बुरी तरह दबोच लिया. यहां तक कि मैं कुछ कर ही नहीं पा रही थी. हिल नहीं पा रही थी. मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा था, तभी मेरे पास एक कार आकर रुकी, उसकी पकड़ ढीली हुई और कार वाले शख्स ने मुझे जोर से बोला कि बेटा आप भागो इससे मैं निपट लूंगा. मैंने नहीं देखा वो कौन थे और मैं अपने पीजी की तरफ भागी. मैंने अपनी ओनर को बताया कि प्लीज आप बाहर देखो क्या हो रहा है, कौन है. मैं बदहवास थी. ओनर ने बाहर देखा तो वहां कुछ नहीं था. मैंने इस घटना की एफआईआर करवाई है.
  3. छात्रा .3- कुछ दिन पहले मैं शाम के साढ़े 7 बजे अपने कॉलेज के आसपास थी, तभी मैंने वहां दो आदमी, एक औरत और एक बच्चे का ग्रुप वहां घूमते हुए देखा. वे चारों अचानक मेरे आसपास आए मुझसे पूछा कि आपको मराठी आती है? फिर वे अपनी परेशानी बताने लग गए कि उन्हें खाने और पैसे की जरूरत है ताकि वे अपने शहर लौट सकें. उनकी बातें और हरकतें मैं गौर से देख रही थी तो मुझे कुछ अजीब लगीं. मैंने सोचा कि इस बारे में पुलिस को बताऊं, मैंने आसपास नजर दौड़ाई लेकिन एक और खास बात थी कि उस दिन कॉलेज के पास पुलिस की पीसीआर वैन भी नहीं थी. किसी तरह मैं वहां से दौड़ी और अपने पीजी में पहुंची.
  4. छात्रा:4- एक दिन मैं कॉलेज से ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशन के पास अपने पीजी लौट रही थी. तभी रास्ते में मेरे पास एक अजीब सा आदमी आया, उसने मुझसे कुछ पैसे मांगे. फिर उसने अपनी कहानी बताना शुरू कर दिया कि वह कितना परेशान है और उसे मदद की जरूरत है. हालांकि वह अपनी परेशानी इतना कैजुअल तरीके से बता रहा था कि आसपास के लोगों को समझ ही न आए कि मैं किसी अजनबी से बात कर रही हूं, उन्हें ऐसा लगे जैसे मैं उसे जानती हूं. इसी दौरान मैंने देखा कि जब वो मुझसे बात कर रहा था तो उसका एक हाथ उसकी जेब में था और वह कुछ निकालने की कोशिश कर रहा था शायद कुछ रूमाल या क्लोरोफॉर्म आदि और मैंने देखा कि उसके पास एक कार भी खड़ी हुई थी. स्थिति को समझते मुझे देर नहीं लगी, मैं एकदम वहां से हटी और पीजी की ओर दौड़ लगा दी.
  5. छात्रा-5- एक बार मैं साउथ एक्स वाली मेट्रो पकड़ने जा रही थी तो वहां दो लड़के आए और किसी डोनेशन फॉर्म पर साइन करवाने लगे. जब मैंने उनसे कहा कि मैं तो स्टूडेंट हूं और मुझे कुछ साइन नहीं करना है तो वे दोनों अजीब-अजीब सी बातें करने लगे. यह देखकर मैं वहां से भागकर अंदर मेट्रो स्टेशन में घुस गई और कुछ लोगों को बताया लेकिन बाहर आए तो वे लोग जा चुके थे.
  6. छात्रा-6 एक मेरी कलीग साउथ दिल्ली के किसी मेट्रो स्टेशन से बाहर निकली थी तभी एक महिला रोते हुए उसके पास आई और मदद मांगने लगी और उसे साथ चलने को कहने लगी, लेकिन वह उस महिला के साथ जाने के बजाय मेट्रो के अंदर वापस चली गई और सीआईएसएफ अधिकारी को ये सब बताया. उन्होंने भी कहा कि किसी के साथ कहीं नहीं जाना.
  7. ये सभी वे असली अनुभव हैं जो छात्राओं ने आपस में शेयर किए हैं और सभी लड़कियों से सतर्क रहने की अपील की है. इनमें ज्यादातर मामले दिल्ली यूनिवर्सिटी साउथ कैंपस के हैं. इन्हें पढ़कर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि दिल्ली में किडनेपिंग का जाल कैसे फैल रहा है और लड़कियों का यहां रहना कितना खौफ से भरा हुआ होता जा रहा है.

About the Author

प्रिया गौतमSenior Correspondent

अमर उजाला एनसीआर में रिपोर्टिंग से करियर की शुरुआत करने वाली प्रिया गौतम ने हिंदुस्तान दिल्ली में संवाददाता का काम किया. इसके बाद Hindi.News18.com में वरिष्ठ संवाददाता के तौर पर काम कर रही हैं. हेल्थ एंड लाइफस्…और पढ़ें

homenation

अलर्ट: रोंगटे खड़े कर रहे दिल्ली में पढ़ने वाली लड़कियों के खौफनाक अनुभव, सच..



Source link