ग्वालियर में बीकॉम के एक छात्र के साथ ऑनलाइन फ्रॉड हुआ है। इंस्टाग्राम पर आई एक लिंक को ओपन करते ही छात्र को एक एप से जोड़ दिया गया। यहां छात्र को बताया गया कि उसे कुछ होटल्स को रेटिंग देनी है, जिसके बदले उसे काफी मोटा मुनाफा होगा। इस पर छात्र ने जॉब
.
अब छात्र बड़े टास्क करने लगा और धीरे-धीरे उसने 20 दिन में 3.73 लाख रुपए लगा दिए। अब जब उसने मुनाफा निकालना चाहा तो नहीं निकला। छात्र ने यह रुपए अपनी बहन, मां, रिश्तेदारों व दोस्तों से मांगकर टास्क में लगाए थे। ठगी का अहसास होते ही छात्र ने मामले की शिकायत हेल्प लाइन नंबर 1930 पर की थी। जिस पर मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
शहर के उपनगर मुरार स्थित सांई नगर आदर्श गौशाला लाल टिपारा निवासी अमन पिता सीताराम कुशवाह बीकॉम का छात्र है। वह अभी एसएलपी कॉलेज से पढ़ाई कर रहा है। 2 जनवरी को अमन कुशवाह के इंस्टाग्राम पर एक लिंक आई, जिसे उसने डाउनलोड करके खोल लिया।
इंस्टाग्राम पर अमन की लिंक भेजने वालों से बात हुई जिसमें उससे कहा गया कि उसे सिर्फ होटलों को रेटिंग देनी है, जिसके बदले उसे अच्छा मुनाफा मिलेगा।
अमन कुशवाह इससे लालच में आ गया और रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए तथा होटलों को रेटिंग देने लगा। रेटिंग देने के बाद उसके अकाउंट में 800 रुपए आ भी गए। इससे अमन कुशवाह का लालच बढ़ गया। अच्छा प्रॉफिट देखते हुए अमन कुशवाह ने अपनी बहन जो कि टीचर हैं उससे भी रुपए ले लिए और माता-पिता के अकाउंट से रुपए ट्रांसफर कर दिए। अमन यहां नहीं रुका और कुछ दोस्तों से रुपए उधार लेकर ट्रांसफर कर दिए।
मुनाफा शो हुआ, लेकिन निकला नहीं
अमन कुशवाह होटलों को रेटिंग देता रहा और उसके अकाउंट में प्रॉफिट आता रहा जो उसे दिखाई दे रहा था। इस पर उसका उत्साह और बढ़ता चला गया। उसके ऑन लाइन अकाउंट में 7 लाख रुपए शो हो रहे थे। इस प्रॉफिट को अमन जब निकालने पहुंचा तो राशि उपलब्ध नहीं है का मैसेज आ गया।
अमन ने काफी प्रयास किए, लेकिन राशि नहीं निकली। 2 और 3 जनवरी को अमन ने कुल 3 लाख 73 हजार रुपए इन्वेस्टमेंट किए थे जो ठग लिए गए। खाते से रुपए जब किसी भी तरीके से नहीं निकले तब उसकी समझ में आया कि ठगी हो गई। पुलिस ने मामला कायम कर लिया है और जांच कर रही है कि रुपए कहां और किन खातों में पहुंचे हैं।
थाना प्रभारी मुरार मैना पटेल ने कहा
एक छात्र के साथ ऑनलाइन फ्रॉड हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले की पड़ताल की जा रही है।
