टूर्नामेंट के 300 खिलाड़ियों का एज एनालिसिस: भारत के 8 प्लेयर्स की उम्र 30 पार, अफगानिस्तान-नेपाल सबसे यंग टीमें

टूर्नामेंट के 300 खिलाड़ियों का एज एनालिसिस:  भारत के 8 प्लेयर्स की उम्र 30 पार, अफगानिस्तान-नेपाल सबसे यंग टीमें


स्पोर्ट्स डेस्ककुछ ही क्षण पहलेलेखक: कृष्ण कुमार पांडेय

  • कॉपी लिंक

टी-20 वर्ल्ड कप शनिवार से शुरू हो रहा है। इनमें 20 टीमों के 300 प्लेयर्स हिस्सा लेंगे। भारत और श्रीलंका की मेजबानी में हो रहे इस टूर्नामेंट में 48 फीसदी खिलाड़ी 30 साल की उम्र पार कर चुके हैं।

कनाडा के युवराज समरा इस टूर्नामेंट के सबसे युवा खिलाड़ी हैं। वे 19 साल, 107 दिन के हैं। वहीं, ओमान के मोहम्मद नदीम सबसे उम्रदराज हैं। उनकी उम्र 43 साल, 117 दिन है।

टीमों में अफगानिस्तान और नेपाल की टीमें सबसे युवा हैं, दोनों की औसत आयु 25-25 साल है। जबकि न्यूजीलैंड और USA की टीमें सबसे उम्रदराज हैं। इनमें औसत आयु 31-31 साल है।

इस स्टोरी में हम टी-20 वर्ल्ड कप खेल रहे प्लेयर्स की एज का एनालिसिस कर रहे हैं। शुरुआत करते हैं टूर्नामेंट से…

ग्रुप-ए: USA सबसे उम्रदराज; भारत के 8 खिलाड़ी 30+ इस ग्रुप में USA सबसे उम्रदराज है, जबकि नामीबिया की टीम सबसे युवा है। USA की औसत उम्र 31 साल है, जबकि नामीबिया की महज 26 साल है। इस ग्रुप में 75 खिलाड़ी हैं, इनमें से 32 प्लेयर्स 30 से 35 साल के बीच हैं। 32 ही प्लेयर्स 35 से 40 साल के हैं। सिर्फ एक प्लेयर 40 साल से ज्यादा का है।

  • भारत: एवरेज एज 29 साल है। 8 खिलाड़ी 30 साल की उम्र पार कर चुके हैं। 7 खिलाड़ी 20 से 30 के बीच के हैं। सबसे उम्रदराज सूर्यकुमार यादव की उम्र 35 साल है। तिलक वर्मा (23 साल) सबसे युवा हैं।
  • USA: 15 में से 12 खिलाड़ी 30 साल की उम्र पार कर चुके हैं। 21 साल 296 दिन के सैतेजा मुक्कामाला यंगेस्ट हैं, जबकि अली खान (35 साल 48 दिन) ओल्डेस्ट प्लेयर हैं। टीम की औसत उम्र 31 साल है।
  • नामीबिया: औसत उम्र 26 साल है। 10 खिलाड़ी 20 से 30 साल के बीच हैं। जैक ब्रासेल (20 साल) सबसे युवा खिलाड़ी हैं। जबकि बर्नार्ड शोल्ट्ज (35 साल) सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं।
  • नीदरलैंड: औसत उम्र 29 साल है। रूलोफ वान डर मर्व 41 साल की उम्र के साथ सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं, जबकि जैक लायन-कैशे (22 साल) सबसे युवा हैं।
  • पाकिस्तान: एवरेज एज भारत से एक साल कम 28 वर्ष है। 11 खिलाड़ी 25 से 35 साल के बीच के हैं। नसीम शाह (22 साल) सबसे युवा, जबकि फखर जमान (35 साल 290 दिन) सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं। कप्तान सलमान अली आगा की उम्र 32 साल, 63 दिन है।

ग्रुप-बी: ओमान सबसे उम्रदराज, नदीम 43 साल के हैं 75 खिलाड़ियों के इस ग्रुप में सबसे ज्यादा 26 खिलाड़ी 25 से 30 साल के बीच के हैं। सबसे कम 11 खिलाड़ी 35 से 40 साल के हैं। एक प्लेयर ने 40 साल की उम्र पार कर ली है। इस ग्रुप में सबसे उम्रदराज टीम ओमान है, जिसकी औसत उम्र 31 साल है। वहीं, ऑस्ट्रेलिया की औसत उम्र 30 साल है। श्रीलंका की औसत उम्र सबसे कम 27 साल है।

  • ऑस्ट्रेलिया: औसत उम्र 30 साल है। 10 खिलाड़ी 30 साल की उम्र को पार कर चुके हैं। जबकि 5 खिलाड़ी 30 साल से कम के हैं। कूपर कोनॉली (22 साल) सबसे युवा और मार्कस स्टोयनिस (36 साल) सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं।
  • श्रीलंका: 30 प्लस उम्र के 5 खिलाड़ी हैं। 10 खिलाड़ी 20 से 30 साल की उम्र के हैं। दुनिथ वेल्लालागे (23 साल) सबसे युवा हैं, जबकि कुसल परेरा सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं। टीम की औसत उम्र 27 साल है, जो ग्रुप में सबसे कम है।
  • जिम्बाब्वे: औसत उम्र 28 साल है। 6 खिलाड़ी 25 से 30 साल के बीच हैं। ब्रायन बेनेट (22 साल) सबसे युवा, जबकि सिकंदर रजा 39 साल की उम्र के साथ सबसे अनुभवी खिलाड़ी हैं।
  • आयरलैंड: 7 खिलाड़ी 25 से 30 साल के हैं। टिम टेक्टर (22 साल) सबसे युवा हैं। जबकि 35 साल के पॉल स्टर्लिंग सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं। टीम की औसत उम्र 28 साल है।
  • ओमान: औसत उम्र 31 साल है। 10 खिलाड़ी 30 साल से ज्यादा उम्र के हैं। नदीम खान (24 साल) सबसे युवा हैं, जबकि 43 साल के मोहम्मद नदीम सबसे उम्रदराज हैं।

ग्रुप-सी: सबसे युवा ग्रुप, टीमों की औसत उम्र 30 से कम यह टूर्नामेंट का सबसे युवा ग्रुप है। इस ग्रुप में शामिल सभी टीमों की औसत उम्र 30 साल से कम है। इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, इटली और स्कॉटलैंड की औसत उम्र 29 साल है। जबकि नेपाल की एवरेज एज 25 साल है। इस ग्रुप के 41 खिलाड़ी 30 साल से कम के हैं। इनमें दो प्लेयर्स 19-19 साल के हैं। 35 से 40 साल के बीच के 31 खिलाड़ी हैं। केवल एक खिलाड़ी 40 साल से ज्यादा का है।

  • इंग्लैंड: औसत उम्र 29 साल है। 7 खिलाड़ी 30 साल से ज्यादा उम्र के हैं। रेहान अहमद (21 साल) सबसे युवा हैं, जबकि आदिल राशिद (37 साल) सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं।
  • वेस्टइंडीज: 9 खिलाड़ी 30 साल से ज्यादा उम्र के हैं। मैथ्यू फोर्ड (23 साल) सबसे युवा हैं, जबकि जॉनसन चार्ल्स (37 साल) सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं। टीम की औसत उम्र 29 साल है।
  • इटली: औसत उम्र 29 साल है। 7 खिलाड़ी 30 साल से ऊपर के हैं। अली हसन (23 साल) सबसे युवा हैं, जबकि वेन मैडसन (42 साल 15 दिन) इस ग्रुप में 40 साल से ज्यादा के इकलौते खिलाड़ी हैं।
  • नेपाल: ग्रुप की सबसे युवा टीम है। औसत उम्र 25 साल है। 14 में से 13 खिलाड़ी 30 साल से कम उम्र के हैं। गुलशन झा (19 साल) सबसे युवा खिलाड़ी हैं, जबकि करण केसी (34 साल) सबसे सीनियर हैं।
  • स्कॉटलैंड: औसत उम्र 29 साल है। टीम में अनुभव और युवाओं का मिश्रण नजर आता है, जहां 7 खिलाड़ी 30 साल से ज्यादा उम्र के हैं। जैनुल्लाह एहसान (19 साल) सबसे युवा हैं, जबकि रिची बेरिंगटन (38 साल) सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं।

ग्रुप-डी: NZ उम्रदराज, 4 टीमों की एवरेज एज 30 से कम इस ग्रुप में 4 टीमों की एवरेज एज 30 साल से कम है। इनमें साउथ अफ्रीका, अफगानिस्तान, UAE और कनाडा शामिल हैं। न्यूजीलैंड ही इकलौती ऐसी टीम है, जिसकी औसत आयु 30 पार है। 31 साल की एवरेज एज वाली न्यूजीलैंड इस टूर्नामेंट की सबसे उम्रदराज टीमों में शामिल हैं।

  • साउथ अफ्रीका: 9 खिलाड़ी 30 साल से ज्यादा उम्र के हैं। क्वेना मफाका (19 साल) सबसे युवा हैं, जबकि डेविड मिलर (36 साल) सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं।
  • न्यूजीलैंड: ग्रुप की सबसे उम्रदराज टीमों में से एक है। औसत उम्र 31 साल है। 12 खिलाड़ी 30 साल से ज्यादा उम्र के हैं। रचिन रवींद्र (26 साल) सबसे युवा, जबकि जेम्स नीशम सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं।
  • अफगानिस्तान: औसत उम्र 25 साल है। 12 खिलाड़ी 20 से 30 साल के बीच के हैं। मोहम्मद इशाक (20 साल) सबसे युवा, जबकि मोहम्मद नबी (40 साल) सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं।
  • UAE: औसत उम्र 28 साल है और टीम संतुलित नजर आती है। 11 खिलाड़ी 25 से 35 साल की उम्र के बीच हैं। ध्रुव पाराशर (21 साल) सबसे युवा हैं, जबकि सिमरनजीत सिंह (36 साल) सबसे सीनियर खिलाड़ी हैं।
  • कनाडा: औसत उम्र 29 साल है, लेकिन यहां अनुभव का पलड़ा भारी है। 8 खिलाड़ी 30 साल से ज्यादा उम्र के हैं। युवराज समरा (19 साल) सबसे युवा हैं, जबकि नवनीत धालीवाल 37 साल की उम्र के साथ सबसे उम्रदराज खिलाड़ी हैं।

पिछली 2 वर्ल्ड चैंपियन की एवरेज एज जानिए

खबरें और भी हैं…



Source link