उत्तर वन मंडल के देवेन्द्रनगर अंतर्गत ग्राम जिगदही में शुक्रवार को एक हिरण की जान उस समय खतरे में पड़ गई जब आवारा कुत्तों के झुंड ने उसे घेर लिया। कुत्तों से बचने के लिए हिरण पास के जिगदही तालाब में कूद गया। हिरण रिहायशी इलाके के पास तालाब के किनारे घूम रहा था, तभी कुत्तों ने उसे खदेड़ना शुरू कर दिया। घबराया हुआ हिरण बचने के लिए गहरे पानी में कूद गया। ग्रामीणों ने हिरण को पानी में संघर्ष करते देखा और तुरंत डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 में तैनात प्रधान आरक्षक केपी सिंह यादव और पायलट यादवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल वन विभाग को भी सूचित किया। इसके बाद पुलिस टीम, वन विभाग के कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर बचाव अभियान चलाया। काफी मशक्कत के बाद हिरण को सुरक्षित तालाब से बाहर निकाल लिया गया। बचाव के दौरान हिरण के सींग पर चोट के निशान पाए गए, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने उसका प्राथमिक उपचार किया। डायल 112 की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों की सक्रियता से हिरण की जान बचाई जा सकी। फिलहाल हिरण पूरी तरह सुरक्षित है और वन विभाग की निगरानी में है। ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है।
Source link