भारत-ए ने नामीबिया के खिलाफ शुक्रवार को बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 1 में खेले गए वर्ल्ड कप 2026 के 16वें वार्म-अप मुकाबले में 130 रन से जीत दर्ज की.टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारतीय टीम ने 8 विकेट खोकर 197 रन बनाए. मेजबान टीम ने 25 के स्कोर तक दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट खो दिए थे, जिसके बाद रियान पराग ने नमन धीर के साथ तीसरे विकेट के लिए 65 गेंदों में 111 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 136 के स्कोर तक पहुंचाया.भारतीय बल्लेबाजों से लेकर गेंदबाजों तक सभी ने धमाकेदार प्रदर्शन किया और भारत ने इस मुकाबले को शानदार अंदाज में अपने नाम किया. इसी के साथ टीम इंडिया ने विश्व कप की शुरुआत होने से पहले बिगुल बजा दिया. कल भारतीय टीम यूएसए के खिलाफ अपने विश्व कप अभियान की शुरुआत करेगी.
67 रनों पर ढेर हुई नामिबिया
नमन धीर 29 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके के साथ 39 रन बनाकर आउट हुए, जबकि रियान पराग ने 39 गेंदों में 6 छक्कों और 5 चौकों के साथ 69 रन बनाए. इनके अलावा, आशुतोष शर्मा ने 35 रन का योगदान टीम के खाते में दिया.विपक्षी खेमे से रूबेन ट्रम्पेलमैन, मैक्स हिंगो और गेरहार्ड इरास्मस ने 2-2 विकेट हासिल किए. बर्नार्ड स्कोल्ट्ज और विलेम माईबर्ग को 1-1 विकेट हाथ लगा. इसके जवाब में नामीबिया 12.1 ओवरों में महज 67 रन पर सिमट गई.
हार से नहीं बच पाई नामिबिया
इस टीम ने खाता खुलने से पहले ही 2 विकेट गंवा दिए थे. 2 के स्कोर तक तीसरा विकेट भी गिर गया. यहां से लॉफ्टी-ईटन ने जैन फ्रायलिंक के साथ चौथे विकेट के लिए 23 रन जोड़े, लेकिन इस साझेदारी के टूटते ही फिर से विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया. फ्रायलिंक 13 गेंदों में 1 चौके के साथ 12 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि ईटन ने 9 रन का योगदान दिया.40 के स्कोर तक टीम ने आठवां विकेट गंवा दिया था. यहां से डायलन लीचर ने विलेम माईबर्ग के साथ नौवें विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी करते की, लेकिन टीम को शर्मनाक हार से बचा नहीं सके.
भारत का ऑलराउंड प्रदर्शन
भारत की तरफ से गुरजपनीत सिंह, मयंक यादव, अशोक शर्मा और विपराज निगम ने 2-2 विकेट निकाले. एक-एक विकेट आयुष बडोनी और रवि बिश्नोई के हाथ लगा.भारत और श्रीलंका की सह-मेजबानी में टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी टीम इंडिया पहले ही दिन यूएसए के खिलाफ मुकाबले के साथ अपने अभियान की शुरुआत करेगी.
ये भी पढें: रणजी ट्रॉफी: मुकेश-आकाश और शमी की तिकड़ी ने बरपाया कहर, नीतीश रेड्डी और केएल राहुल फेल