U19 World Cup Ayush Mhatre Vaibhav Suryavanshi: भारतीय अंडर 19 टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ फाइनल जीतकर इतिहास रच दिया है. टीम इंडिया ने रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 वर्ल्ड कप का खिताब जीता है. हरारे में शुक्रवार (6 फरवरी) को 14 साल के खूंखार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 80 गेंदों पर 175 रन की पारी खेली. उन्होंने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने अर्धशतक लगाया और वह ट्रॉफी जीतने वाले भारत के छठे खिलाड़ी बन गए.
वैभव सूर्यवंशी और टीम की तारीफ
कप्तान आयुष ने मैच के बाद कहा, ”वह बस इसी तरह मेहनत करते रहें. उनके लिए हमारे पास शब्द नहीं हैं, उन्होंने शानदार पारी खेली है. हम जानते हैं कि वह एक बेहतरीन बल्लेबाज हैं. इस मैच में उन्होंने दिखा दिया कि वह क्या कर सकते हैं. मैं अपनी भावनाओं को शब्दों में बयां नहीं कर सकता. यह हमारे लिए एक यादगार पल और एक शानदार सफर रहा. हमारे खिलाड़ियों ने बेहद शानदार प्रदर्शन किया. जो लक्ष्य हमने तय किए थे, उन्हें हासिल किया और अपने स्वाभाविक तरीके के साथ खेले। इससे मैं बहुत खुश हूं.”
ये भी पढ़ें: भारत का नया हीरो… मुंबई के लाल को धोनी ने CSK में चमकाया, U19 वर्ल्ड कप जीत विराट कोहली के क्लब में शामिल
रोहित शर्मा और हरमनप्रीत की विरासत
आयुष ने कहा, ”हम खुश हैं कि उस विरासत को आगे बढ़ा पाए हैं, जिसे रोहित शर्मा और हरमनप्रीत ने वर्ल्ड कप जीतकर आगे बढ़ाया था. अब हमने भी ट्रॉफी जीती है. हम आगे शायद इसी टीम के साथ न खेलें, लेकिन यही सोच और इसी तरह का क्रिकेट आगे भी जारी रखेंगे.” बता दें कि 2024 में रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपनी कप्तानी में जीता था. उसके बाद 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया. पिछले साल हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में महिला क्रिकेट टीम ने वनडे वर्ल्ड कप पहली बार जीता था. अब आयुष ने अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतक आईसीसी ट्रॉफी के कारवां को आगे बढ़ाया.
सपोर्ट स्टाफ को सराहा
कप्तान ने सपोर्ट स्टाफ को जीत का श्रेय देते हुए कहा, ”उनके लिए शब्द कम पड़ जाते हैं. पिछले 7-8 महीनों से वे लगातार हमारे साथ मेहनत कर रहे थे. पूरा श्रेय उन्हीं को जाता है कि उन्होंने हम पर इतना काम किया है.” हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए फाइनल मैच में भारत ने 9 विकेट खोकर 411 रन बनाए. इसके जवाब में इंग्लैंड की टीम 40.2 ओवरों में महज 311 रन पर सिमट गई.