नई दिल्ली. आयुष म्हात्रे की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने अंडर 19 वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास कायम किया. भारत की इस ऐतिहासिक जीत में वैभव सूर्यवंशी का अहम योगदान रहा जिन्होंने फाइनल में 175 रन की शानदार पारी खेली. टीम इंडिया की खिताबी जीत पर विराट कोहली, सचिन तेंदुलकर और भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर समेत समूचे क्रिकेट जगत ने भारतीय बधाई दी है. भारत ने छठी बार अंडर 19 वर्ल्ड कप जीता. टीम इंडिया ने फाइनल में इंग्लैंड को 100 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया.
14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) के 80 गेंद में 175 रन की मदद से भारत ने फाइनल में नौ विकेट पर 411 रन बनाकर इंग्लैंड को सौ रन से हराया. 2008 में अंडर 19 खिताब जीत चुके विराट कोहली (Virat Kohli) ने एक्स पर लिखा ,‘भारत की अंडर 19 टीम को फिर विश्व कप जीतने पर बधाई. आयुवर्ग क्रिकेट में हमारा दबदबा कायम है. पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ को बधाई.’
वैभव सूर्यवंशी के लिए सचिन ने लिखे खास शब्द.
भारतीय सीनियर क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) ने कहा ,‘तुम सभी पर गर्व है. भविष्य उज्ज्वल है. इंडिया अंडर 19.’ वहीं महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने लिखा ,‘चैम्पियंस. इस युवा टीम और इसके बेखौफ खेल पर गर्व है. पूरी टीम, कोच और सहयोगी स्टाफ को बधाई.’ उन्होंने आगे लिखा ,‘आपके पास एक सूर्यवंशी है तो इस तरह का ब्लॉकबस्टर प्रदर्शन लाजमी है. शानदार प्रदर्शन वैभव.’
भारत के पूर्व स्पिनर आर अश्विन (R Ashwin) ने लिखा ,‘प्रतिभा, निडरता और दृढता के साथ बेदाग प्रदर्शन. अंडर 19 टीम ने बता दिया कि वे क्या कर सकते हैं. जबर्दस्त आत्मविश्वास और कौशल का प्रदर्शन.’ भारत के टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने सूर्यवंशी की खास तौर पर तारीफ करते हुए लिखा ,‘वैभव का शानदार प्रदर्शन. क्या खास सोचकर उतरते हो. फाइनल में क्लास पारी.’
आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारत ने अंडर-19 विश्व कप 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया. भारतीय टीम रिकॉर्ड छठी बार अंडर-19 विश्व कप चैंपियन बनी है. फाइनल में टीम इंडिया ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया है. टीम इंडिया ने पहली बार साल 2000 में अंडर-19 विश्व कप का खिताब जीता था. ऐसे में आइए जानते हैं टीम इंडिया को चैंपियन बनाने वाले अब तक के सभी कप्तानों के बारे में.
भारतीय टीम के पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने लिखा- वर्ल्ड चैंपियन बनने पर इंडिया अंडर-19 टीम को बहुत-बहुत बधाई. वहीं टीम इंडिया के पूर्व ओपनर शिखर धवन ने लिखा, ‘एक बार फिर चैंपियन. भारत के लिए रिकॉर्ड छठा अंडर-19 वर्ल्ड कप. वैभव के 175 रन और आयुष की कप्तानी पारी ने इसकी नींव रखी, और अंबरीश और गेंदबाजों ने इसे शानदार तरीके से खत्म किया. बहुत बढ़िया खेले.’
अंडर19- भारतीय टीम
भारत को रिकॉर्ड छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि उन्हें अपनी बल्लेबाजी कौशल पर पूरा भरोसा था और उन्होंने फाइनल में अपना स्वाभाविक खेल दिखाया. चौदह वर्षीय सूर्यवंशी ने यादगार पारी खेलते हुए महज 80 गेंद में 175 रन बनाए जिसमें 15 छक्के और इतने ही चौके शामिल थे. भारत ने फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 411 रन बनाए और फिर इंग्लैंड को 311 रन पर समेटकर 100 रन से मुकाबला जीत लिया.
‘प्लेयर ऑफ द फाइनल’ और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ चुने गए सूर्यवंशी ने कहा कि टीम ने फाइनल में अनावश्यक दबाव नहीं लेने का फैसला किया था और यही सोच ट्रॉफी जीतने में काफी मददगार साबित हुई. सूर्यवंशी ने मैच के बाद पुरस्कार समारोह में कहा, ‘मुझे अपने कौशल पर भरोसा था कि मैं बड़े मुकाबलों में योगदान दे सकता हूं और आज यह हो गया. हम ज्यादा दबाव नहीं ले रहे थे. हमने बस यह सोचा कि पूरे टूर्नामेंट में हमने किस तरह अच्छा प्रदर्शन किया है, हम बस उसी प्रक्रिया का अनुकरण करेंगे और अपना स्वाभाविक खेल खेलेंगे.’