Vaibhav Suryavanshi U19 World Cup: वैभव सूर्यवंशी ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में तबाही मचा दी. शुक्रवार (6 फरवरी) को हरारे में इंग्लैंड के खिलाफ उन्होंने 175 रनों की तूफानी पारी खेली. 80 गेंदों में वैभव ने 15 चौके और 15 छक्के लगाए. उनकी इस पारी का जश्न जिम्बाब्वे से लेकर भारत तक मनाया जा रहा है. वहां स्टेडियम में फैंस ने इस विस्फोटक बल्लेबाज के लिए तालियां बजाईं तो यहां पूरे देश में उत्सव जैसा माहौल हो गया.
बीसीए ने की वैभव की तारीफ
बिहार के लाल के कमाल के बाद बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) के प्रेसिडेंट हर्ष वर्धन ने भी खुशी जताई. उन्होंने कहा कि अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में वैभव की ऐतिहासिक पारी भारतीय क्रिकेट और बिहार के लिए बहुत गर्व का पल है. BCA प्रेसिडेंट ने वैभव के शांत स्वभाव, निडरता और सबसे बड़े स्टेज पर परफॉर्म करने की काबिलियत की तारीफ की.
ये भी पढ़ें: 80 गेंद, 175 रन… हरारे में वैभव सूर्यवंशी की आंधी, 15 छक्कों का तूफान, रहम की भीख मांगने लगे अंग्रेज
‘बिहार के लिए बहुत गर्व का पल’
BCA अध्यक्ष हर्ष वर्धन ने कहा, ”वैभव की ऐतिहासिक पारी भारतीय क्रिकेट और बिहार के लिए बहुत गर्व का पल है. इतनी कम उम्र में उनका शांत स्वभाव, निडरता और सबसे बड़े मंच पर प्रदर्शन करने की क्षमता असाधारण प्रतिभा और मानसिक शक्ति को दिखाती है. उनका रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन देश भर के अनगिनत युवा क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा है. बिहार क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से मैं वैभव को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई देता हूं.”
ये भी पढ़ें: हर्षित राणा टी20 वर्ल्ड कप से OUT, अब किसे मिलेगा मौका? सूर्यकुमार यादव ने दिया बड़ा अपडेट
वैभव ने तोड़ा रिकॉर्ड
BCA अध्यक्ष ने यह भी कहा कि हर लेवल पर, चाहे वह IPL हो, अंडर-19 क्रिकेट हो, या घरेलू क्रिकेट हो, वैभव ने लगातार यह साबित किया है कि वह बड़े मंच के लिए तैयार हैं.” वैभव ने अपनी पारी के दौरान कई रिकॉर्ड तोड़े और वह अंडर-19 वर्ल्ड कप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए. उन्होंने 15 छक्के लगाए, जिससे ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल का 12 छक्कों का पिछला रिकॉर्ड टूट गया. वैभव ने फाइनल में 218.75 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से रन ठोके. खास बात यह है कि उनके 150 रन सिर्फ बाउंड्री से आए थे.