रिपोर्ट-शिवकांत आचार्य, भोपाल
Bhopal Crime News: भोपाल से एक बेहद चौंकाने वाला और सोचने पर मजबूर कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया है, और इस पूरे मामले में जो बातें सामने आई हैं, वो हर किसी को हैरान कर रही हैं. मामला सिर्फ अपराध का नहीं, बल्कि भरोसे, पहचान और सिस्टम की ढिलाई पर भी सवाल खड़े करता है.
भोपाल के जेके अस्पताल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया. अस्पताल प्रशासन ने जैसे ही लड़की की उम्र और हालात की जानकारी ली, तुरंत पुलिस को सूचना दी गई. मामला बेहद संवेदनशील होने के चलते पुलिस ने जांच शुरू कर दी.
हर्षित बनकर रचाई दोस्ती, असली पहचान छिपाई
जांच में सामने आया कि आरोपी ने खुद को “हर्षित” बताकर नाबालिग लड़की से दोस्ती की थी. धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और भरोसा इतना गहरा हो गया कि लड़की को उसकी असली पहचान तक पता नहीं चली. बाद में खुलासा हुआ कि आरोपी मुस्लिम युवक है, जिसने जानबूझकर अपनी पहचान छिपाई.
पुलिस के मुताबिक आरोपी नागपुर का रहने वाला है, जबकि नाबालिग पीड़िता मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले की निवासी है. काम की तलाश में पीड़िता भोपाल आई थी, जहां वह कैटरिंग का काम कर रही थी. इसी दौरान उसकी मुलाकात आरोपी से हुई.
काम के दौरान हुआ संपर्क, भरोसे का गलत फायदा
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने मदद और साथ का भरोसा दिया था. उसने खुद को दोस्त बताया और मुश्किल वक्त में सहारा बनने का दावा किया. इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने उसे इस हालत में छोड़ दिया और अब फरार है.
पुलिस की जांच तेज, आरोपी अब भी गिरफ्त से बाहर
मामला कोलार थाना क्षेत्र का है. पुलिस ने पीड़िता के साथ काम करने वाले साथियों को पूछताछ के लिए बुलाया है, ताकि आरोपी तक पहुंचा जा सके. हालांकि, अब तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे पकड़ लिया जाएगा.