Last Updated:
Royal Challengers Bengaluru WPL 2026 Prize Money: रॉयल चैंलेंजर्स बेंगलुरु टीम डब्ल्यूपीएल चैंपियन बनने पर मालामाल हो गई. बीसीसीआई ने उनको विजेता बनने पर 6 करोड़ रुपये प्राइज मनी के तौर पर दिए जबकि उप विजेता दिल्ली कैपिटल्स पर भी धनवर्षा हुई. जेमिमा रोड्रिग्स की टीम दिल्ली कैपिटल्स को 3 करोड़ रुपये मिले.
कप्तान स्मृति मंधाना (Smriti Mandhana) और जॉर्जिया वोल (Georgia Voll) के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने महिला प्रीमियर लीग के बड़े स्कोर वाले रोमांचक फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार खिताब जीत लिया. खिताबी जीत के बाद आरसीबी (RCB) मालामाल हो गई. आरसीबी को चैंपियन बनने पर बीसीसीआई (BCCI) ने 6 करोड़ रुपये दिए वहीं चौथी बार उप विजेता बनने वाली दिल्ली कैपिटल्स (Delhi Capitals) को 3 करोड़ रुपये मिले.
स्मृति मंधाना डब्ल्यूपीएल के इस सीजन सबसे अधिक रन बनाने वाली बल्लेबाज थीं.उन्होंने 9 पारियों में सर्वाधिक 377 रन बनाए. मंधाना को ऑरेंज कैप से नवाजा गया. उन्हें पांच लाख रुपये का इनाम मिला. इसके अलावा सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज को भी पांच लाख रुपये मिले जबकि मोस्ट वैल्यूवेबल खिलाड़ी को भी पांच लाख प्राइज में दिया गया. अब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियनस दोनों के नाम पर दो-दो डब्ल्यूपीएल खिताब हो गए हैं. दिल्ली की टीम को लगातार चौथी बार फाइनल में खेलते हुए शिकस्त का सामना करना पड़ा.
दिल्ली के 204 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने स्मृति (87 रन, 41 गेंद, 12 चौके, तीन छक्के) और जॉर्जिया (79 रन, 54 गेंद, 14 चौके) के बीच दूसरे विकेट की 165 रन की साझेदारी से 19.4 ओवर में चार विकेट पर 204 रन बनाकर जीत दर्ज की.
Add News18 as
Preferred Source on Google
चिनेल हेनरी (34 रन पर दो विकेट) और नंदिनी (41 रन पर एक विकेट) ने अंतिम ओवरों में दिल्ली कैपिटल्स को वापसी दिलाने की कोशिश की लेकिन टीम को हार से नहीं बचा पाईं. दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स (57), लॉरा वोल्वार्ट (44), सलामी बल्लेबाज लिजेल ली (37) और सलामी बल्लेबाज हेनरी (नाबाद 35) की पारियों से चार विकेट पर 203 रन बनाए.
जेमिमा ने 37 गेंद की अपनी पारी में आठ चौके मारे और वोल्वार्ट के साथ तीसरे विकेट के निए 76 रन जोड़े जिन्होंने 25 गेंद का सामना करते हुए तीन चौके और दो छक्के मारे. हेनरी ने 15 गेंद में दो चौके और दो छक्के जड़े और वौल्वार्ट के साथ चौथे विकेट के लिए सिर्फ 24 गेंद में 55 रन की तूफानी साझेदारी करके टीम का स्कोर 200 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
लक्ष्य का पीछा करने उतरे रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दूसरे ओवर में ही ग्रेस हैरिस (09) का विकेट गंवा दिया जिन्हें हेनरी ने बोल्ड किया. कप्तान स्मृति और जॉर्जिया ने इसके बाद पारी को संभाला. स्मृति ने हेनरी पर चौके से खाता खोला जबकि जॉर्जिया ने मारिजेन कैप और हेरनी पर दो-दो चौके मारे. स्मृति ने नंदिनी की लगातार गेंदों पर चौके और छक्के के साथ पावर प्ले में टीम का स्कोर एक विकेट पर 59 रन तक पहुंचाया.
स्मृति ने नंदिनी पर छक्के के साथ 10 ओवर में टीम के रनों का सैकड़ा पूरा किया और फिर श्री चरणी की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया. जॉर्जिया ने श्री चरणी की गेंद पर एक रन के साथ 37 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि स्मृति ने स्नेह राणा पर चौके के साथ सिर्फ 22 गेंद में यह उपलब्धि हासिल की. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू के 150 रन 14 ओवर में पूरे हुए.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 42 रन की दरकार थी. मीनू मनि ने जॉर्जिया को शेफाली के हाथों कैच कराके स्मृति के साथ उनकी साझेदारी को तोड़ा. रिचा घोष (06) ने नंदिनी पर चौका मारा लेकिन दो गेंद पर मीनू को कैच दे बैठीं.
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू को अंतिम दो ओवर में 18 रन की जरूरत थी. डि क्लर्क ने हेनरी पर चौका मारा लेकिन इस तेज गेंदबाज ने स्मृति को बोल्ड कर दिया. इस ओवर में आठ रन बने. अंतिम ओवर में बल्लेबाजों को जीत के लिए 10 रन बनाने थे और राधा यादव (नाबाद 12) ने श्री चरणी पर लगातार दो चौकों के साथ टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया.