कौन हैं आकिब नबी… जिन्होंने एक पारी में 7 विकेट लेकर मचाया तहलका

कौन हैं आकिब नबी… जिन्होंने एक पारी में 7 विकेट लेकर मचाया तहलका


Last Updated:

who is Auqib Nabi: जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार गेंदबाजी से खूब वाहवाही बटोरी. उन्होंने पूर्व चैंपियन मध्य प्रदेश के खिलाफ सात विकेट लेकर अपनी टीम को रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन पहली पारी में बढ़त दिलाई. तेज गेंदबाज आकिब को आईपीएल ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ में खरीदा था. आकिब आईपीएल के आगामी सीजन में गेंदबाजी करते हुए दिखाई देंगे.

Zoom

आकिब नबी ने क्वार्टर फाइनल में सात विकेट लेकर मध्यप्रदेश को पहली पारी में मुश्किल में डाल दिया.

इंदौर. जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार खेल दिखाते हुए शनिवार को यहां पूर्व चैंपियन मध्य प्रदेश के खिलाफ सात विकेट लेकर अपनी टीम को रणजी ट्रॉफी क्वार्टर फाइनल के दूसरे दिन पहली पारी में बढ़त दिलाई. जम्मू-कश्मीर के 29 साल के तेज गेंदबाज नबी ने 40 रन देकर सात विकेट लिए और अकेले दम पर मध्य प्रदेश को 152 रन पर ऑल आउट कर दिया. इससे जम्मू-कश्मीर को पूर्व रणजी चैंपियन के खिलाफ पहली पारी में 42 रन की बढ़त मिली. नबी को दिसंबर 2025 में आईपीएल ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ में खरीदा था.

हालांकि इसके बावजूद जम्मू-कश्मीर अब भी मुश्किल में है क्योंकि दूसरी पारी में उसने स्टंप तक 84 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे. इससे उसकी कुल बढ़त सिर्फ 126 रन की है. इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन के लिए दिल्ली कैपिटल्स के साथ बड़ा करार मिलने के बाद नबी काफी जोश में थे. उन्होंने दिन में शानदार गेंदबाजी की और टॉप ऑर्डर के साथ मिडिल ऑर्डर में भी कहर ढाया. उन्होंने 14वें ओवर में हर्ष गावड़ी (10) और हिमांशु मंत्री (0) को आउट कर शुरुआत की.

आकिब नबी ने क्वार्टर फाइनल में सात विकेट लेकर मध्यप्रदेश को पहली पारी में मुश्किल में डाल दिया.

तीन गेंदों के अंदर इन दो झटकों से मध्यप्रदेश का स्कोर दो विकेट पर 34 रन था. फिर जल्दी ही तीन विकेट पर 39 रन हो गया जब बाएं हाथ के तेज गेंदबाज सुनील कुमार (47 रन देकर तीन विकेट) ने शुभम शर्मा के स्टंप उखाड़ दिए. इसके बाद नबी ने कप्तान रजत पाटीदार (10) और वेंकटेश अय्यर (22) को आउट कर दबाव और बढ़ा दिया. उन्होंने 48वें ओवर में लगातार गेंदों पर आर्यन पांडे और रामवीर गुर्जर को शून्य पर आउट कर अपने स्पेल का अंत किया जिससे मध्य प्रदेश पूरी तरह बिखर गया.

जम्मू-कश्मीर की दूसरी पारी की शुरुआत भी उतनी ही खराब रही. पहली पारी में पांच विकेट लेने वाले मध्यप्रदेश के तेज गेंदबाज कुलदीप सेन (25 रन देकर दो विकेट) ने जोरदार वापसी की. भारतीय ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर ने पहली पारी में विकेट नहीं लिया था लेकिन दूसरी पारी में 10 रन देकर दो विकेट लिए. इससे विरोधी टीम 26 ओवर में 84 रन पर पांच विकेट गंवा चुकी थी. पहली पारी में पिछड़ने के बावजूद मध्य प्रदेश ने मैच में वापसी की और अगर उनके बल्लेबाज दूसरी पारी में अच्छा खेलते हैं तो वे जीत सकते हैं.

About the Author

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें

homecricket

कौन हैं आकिब नबी… जिन्होंने एक पारी में 7 विकेट लेकर मचाया तहलका



Source link