Last Updated:
Jasprit Bumrah To Miss match against USA:आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के पहले मुकाबले से पहले भारतीय टीम को झटका लगता दिख रहा है. जानकारी के मुताबितक जसप्रीत बुमराह वायरल बुखार की वजह से अमेरिका के खिलाफ मैच नहीं खेल पाएंगे. हर्षित राणा के टूर्नामेंट से बाहर होने की खबर एक दिन पहले ही आई है.
टीम इंडिया के लिए बुरी खबर, जसप्रीत बुमराह टी20 वर्ल्ड कप के पहले मैच से बाहर
नई दिल्ली. भारतीय टीम आज आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप में अपने अभियान की शुरुआत अमेरिका के खिलाफ मुकाबले से करेगी. भारत की तैयारियों को फिटनेस से जुड़ी कई परेशानियों ने झटका दिया है. खबर है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह वायरल बुखार के कारण अमेरिका के खिलाफ पहला मैच नहीं खेल पाएंगे. द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, बुमराह शुक्रवार को वानखेड़े स्टेडियम में टीम के ट्रेनिंग सेशन में तो पहुंचे, लेकिन उन्होंने अभ्यास में हिस्सा नहीं लिया.
जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में भारत के पास टूर्नामेंट की शुरुआत से पहले सिर्फ 13 पूरी तरह फिट खिलाड़ी बचे हैं. ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर अभी तक वर्ल्ड कप टीम से नहीं जुड़े हैं, क्योंकि वह बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में फिटनेस क्लीयरेंस का इंतजार कर रहे हैं. शुक्रवार रात बीसीसीआई ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की कि हर्षित राणा को आखिरी वक्त पर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया गया है. राणा को इस हफ्ते की शुरुआत में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोट लग गई थी.
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक बयान में कहा, “टीम इंडिया के तेज गेंदबाज हर्षित राणा को 4 फरवरी 2026 को नवी मुंबई में साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच के दौरान घुटने में चोट लगने के बाद आगामी आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर कर दिया गया है. विशेषज्ञ से सलाह और स्कैन के बाद बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने उन्हें टूर्नामेंट के लिए अनफिट घोषित किया है. टीम मैनेजमेंट उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता है.”
हर्षित राणा की जगह मोहम्मद सिराज को टीम में शामिल किया गया है और बुमराह की अनुपस्थिति में सिराज के आज रात भारत की प्लेइंग इलेवन में शामिल होने की संभावना है. राणा को डीवाई पाटिल स्टेडियम में हुए वॉर्म-अप मैच के दौरान घुटना पकड़ते हुए देखा गया था. उन्होंने सिर्फ एक ओवर फेंका और 16 रन दिए, जिसके बाद वह मैदान से बाहर चले गए. भारत की नजरें पहली बार तीन टी20 वर्ल्ड कप खिताब जीतने वाली टीम बनने पर हैं.
भारत की अपडेटेड टीम:
सूर्यकुमार यादव (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उपकप्तान), रिंकू सिंह, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, वॉशिंगटन सुंदर, मोहम्मद सिराज.
About the Author
15 साल से ज्यादा वक्त से खेल पत्रकारिता से सक्रिय. Etv भारत, ZEE न्यूज की क्रिकेट वेबसाइट में काम किया. दैनिक जागरण वेबसाइट में स्पोर्ट्स हेड रहा. ओलंपिक, कॉमनवेल्थ, क्रिकेट और फुटबॉल वर्ल्ड कप कवर किया. अक्टूब…और पढ़ें