निवाड़ी में अवैध खनन करते जेसीबी जब्त: पृथ्वीपुर में खनिज विभाग ने की बड़ी कार्रवाई – Niwari News

निवाड़ी में अवैध खनन करते जेसीबी जब्त:  पृथ्वीपुर में खनिज विभाग ने की बड़ी कार्रवाई – Niwari News




निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर में खनिज विभाग ने अवैध मिट्टी उत्खनन पर बड़ी कार्रवाई की है। ग्राम पनिहारी में अवैध खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन जब्त की गई। यह कार्रवाई कलेक्टर जमुना भिड़े के सख्त निर्देशों के तहत की गई है। जिला प्रशासन निवाड़ी जिले में अवैध उत्खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ लगातार शिकंजा कस रहा है। कलेक्टर जमुना भिड़े के स्पष्ट निर्देशों के पालन में खनिज विभाग की टीम ने पृथ्वीपुर तहसील के ग्राम पनिहारी में दबिश दी। यह कार्रवाई जिला खनिज अधिकारी अजय मिश्रा के निर्देशन में की गई। इसमें थाना प्रभारी पृथ्वीपुर जितेंद्र सिंह गुर्जर के सहयोग से खनिज निरीक्षक बृजेश कुमार अहिरवार और पृथ्वीपुर थाने के विशेष बल ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान ग्राम पनिहारी में मिट्टी का अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी मशीन को मौके पर पकड़ा गया। जब्त किए गए वाहन को सुरक्षा की दृष्टि से पृथ्वीपुर थाने में अभिरक्षा में रखा गया है। खनिज विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध उत्खनन या खनिजों का अवैध परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने ऐसे मामलों में संलिप्त भू-माफियाओं और वाहन स्वामियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।



Source link