गुना| जिला अस्पताल में बनकर तैयार हुई नई क्रिटिकल केयर यूनिट में आपातकालीन उपचार कक्ष आगामी रविवार से शुरू हो जाएगा। गंभीर मरीजों को सबसे पहले इसी में लाया जाएगा और स्थिर होने के बाद संबंधित वार्ड में शिफ्ट किया जाएगा। शुक्रवार को कलेक्टर किशोर कन्याल ने भी इसका निरीक्षण किया। उन्होंने क्रिटिकल केयर यूनिट के साथ मेडिसिन ओपीडी सहित अन्य कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सभी डॉक्टरों और स्टाफ को सेवा गुणवत्ता में सुधार लाने के निर्देश देते हुए कहा कि अस्पताल परिसर में साफ-सफाई और हाइजीन सर्वोच्च प्राथमिकता पर रहे, ताकि मरीजों व चिकित्सकों को बेहतर वातावरण मिल सके। पार्किंग व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि एक बार पार्किंग पर्ची कटने के बाद वह 24 घंटे तक वैध रहे और अनावश्यक रूप से बार-बार शुल्क न लिया जाए। साथ ही रसीद व्यवस्था को पारदर्शी व सख्ती से लागू करने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने मेटरनिटी विंग का भी निरीक्षण किया।
Source link