Last Updated:
Rewa News: रीवा में एक ऑडी कार ने बाइक को उड़ा दिया, जिससे एक महिला सहित 3 की मौके पर ही मौत हो गई. यह भीषण हादसा रीवा मनगवां हाइवे स्थित कोष्टा में हुआ.
रीवा में कार और बाइक के बीच हुआ एक्सीडेंट
मध्य प्रदेश के रीवा से एक बहुत ही भीषण हादसा हुआ. जिसमें ऑडी कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी और इसमें बाइक पर सवार महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा रायपुर कर्चुलियान थाना क्षेत्र स्थित कोष्टा के समीप हुआ. ऐसा बताया जा रहा है कि पिता अपने बेटे की शादी का पहला कार्ड चढ़ाने के लिए मंदिर जा रहे थे. लेकिन अब खुशियों वाले घर में मातम पसर गया.
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ऑडी कार के साथ-साथ बाइक सवार रीवा से मनगवां की ओर जा रहे थे. बताया गया कि ऑडी कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि पीछे से टक्कर लगते ही बाइक सवार युवक हवा में उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा. अचानक हुए इस हादसे में बाइक सवार महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई.
भगवान को देने जा रहे थे शादी का पहला कार्ड
घटना की शुरुआती जांच में मृतकों में शामिल महिला की पहचान रीवा के रतहरा निवासी शीतल विश्वकर्मा, चचाई निवासी भागवत विश्वकर्मा और शिवम विश्वकर्मा के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि मृतकों में शामिल भागवत विश्वकर्मा के पुत्र शुभम विश्वकर्मा का 25 फरवरी को विवाह होना था, जिसके चलते भागवत आज पुत्र की शादी का पहला कार्ड भगवान को चढ़ाने के लिए चिरहुला मंदिर जा रहे थे.
फिलहाल घटना की सूचना मिलते ही रायपुर कर्चुलियान सहित शहर की समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची है और मृतकों के शवों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. वहीं, हाईवे मार्ग में हुए इस हादसे के बाद मौके पर जाम की स्थिति पैदा हो गई और देखते ही देखते मार्ग के दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई.