शिवपुरी जिले के देहात थाना क्षेत्र में शासकीय रास्ते से गुजरने को लेकर विवाद के बाद मारपीट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने रास्ता रोककर गाली-गलौज की और दो लोगों को घायल कर दिया। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हीरापुर निवासी 36 वर्षीय रमेश गुर्जर ने बताया कि वह अपने भतीजे रिंकू गुर्जर के साथ ट्रैक्टर से मोरई भंडारे से लौट रहे थे। नवल सिंह की टपरिया के सामने सुजवाया के पास सहपाल गुर्जर, लोकेन्द्र गुर्जर और कप्तान उर्फ पप्पू गुर्जर ने मोटरसाइकिल लगाकर उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने शासकीय रास्ते से गुजरने पर आपत्ति जताई। जब रमेश ने इसका विरोध किया, तो तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उसे ट्रैक्टर से नीचे पटक दिया। सहपाल गुर्जर ने बंदूक के बट से रमेश की पीठ और दाईं कनपटी पर हमला किया, जिससे उसे चोटें आईं। रमेश को बचाने आए उसके भतीजे रिंकू पर भी आरोपियों ने बंदूक के बट और लाठियों से हमला किया। इस हमले में रिंकू के मुंह से खून बहने लगा और उसके दाहिने पैर के घुटने के नीचे भी चोटें आईं। देहात थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।
Source link